श्रावण तेरस पर सिमुलतला में 101 किलो दूध से हुआ भव्य रुद्राभिषेक
🔹वैदिक आचार्य के मंत्रोच्चार से गुंजा शिवालय, "बम बम भोले" के जयघोष से माहौल हुआ भक्तिमय।
सिटी संवाददाता : गणेश कुमार सिंह
सिमुलतला, जमुई/बिहार : श्रावण मास की तेरस के पावन अवसर पर गुरुवार को सिमुलतला बाजार स्थित शिवालय में भव्य रुद्राभिषेक का आयोजन किया गया। इस विशेष अवसर पर लगभग 101 किलो दूध से भगवान शिव का अभिषेक किया गया। कार्यक्रम में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी और पूरा मंदिर परिसर "बम बम भोले" के जयघोष से गूंजता रहा।
वैदिक विद्वान आचार्य प्रमाणन्द पांडेय ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिवत पूजन, जलाभिषेक और रुद्राभिषेक संपन्न करवाया। आचार्य ने इस अवसर पर श्रावण मास के धार्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह महीना भगवान शिव की आराधना और लोककल्याण की कामना के लिए अत्यंत शुभ माना जाता है।
स्थानीय आयोजक नीलू सिंह ने बताया कि वे हर वर्ष श्रावण मास में रुद्राभिषेक का आयोजन करते हैं। उनके अनुसार, “यह आयोजन न केवल व्यक्तिगत सुख-शांति के लिए, बल्कि पूरे समाज और विश्व की समृद्धि व कल्याण की कामना के लिए किया जाता है।”
पूरे कार्यक्रम में श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या मौजूद रही। इनमें पंडित विकास पांडेय, मुकेश सिंह, किशोरी प्रसाद, संतोष ठाकुर, दिव्यांशु सिंह, आशीष सिंह, नेहा सिंह, कशिश सिंह, सुहानी सिंह, ममता कुमारी सहित दर्जनों महिलाएँ और पुरुष शामिल थे।
मंदिर समिति ने आयोजन के लिए विशेष साफ-सफाई, सजावट और श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु पेयजल व प्रसाद वितरण की व्यवस्था की थी। कार्यक्रम के अंत में भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सभी भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया।
श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ के चरणों में नमन कर अपने परिवार की खुशहाली और समस्त विश्व में शांति, सद्भाव और समृद्धि की प्रार्थना की।


No comments:
Post a Comment