10 महीने में ही ध्वस्त हुई RWD सड़क, ग्रामीणों ने उठाया भ्रष्टाचार पर सवाल
खैरा, जमुई/बिहार : इंदपे से बल्लोपुर घाट जाने वाली RWD सड़क मात्र 10 महीने में ही बारिश की मार से ध्वस्त हो गई है। करीब 100 मीटर लंबा हिस्सा पूरी तरह टूट चुका है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
यह सड़क नवंबर 2024 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के तीसरे जमुई दौरे के दौरान बनाई गई थी। उस समय बल्लोपुर में जनजातीय गौरव दिवस पर जनसभा का आयोजन हुआ था। सड़क बनने के बाद खैरा बाजार के जाम से राहत मिली थी, लेकिन पहली ही बरसात ने निर्माण की पोल खोल दी। सड़क जगह-जगह गड्ढों में तब्दील हो चुकी है।
ग्रामीण मनोज यादव का कहना है कि यह भ्रष्टाचार का नतीजा है। सड़क और पुलिया की गुणवत्ता सही नहीं रखी गई, जिसकी वजह से बारिश के बाद सड़क ध्वस्त हो गई। कई बाइक और चारपहिया वाहन फँस चुके हैं, जबकि कुछ लोग गिरकर घायल भी हुए हैं।
ग्रामीण नितेश कुमार ने बताया कि यह मुख्य सड़क है, जिससे रोजाना सैकड़ों लोग आवाजाही करते हैं। सड़क टूटने से अब खैरा बाजार होकर जाना पड़ रहा है, जिससे जाम की समस्या और बढ़ गई है। करीब 3 किलोमीटर लंबी इस सड़क के ध्वस्त होने से इलाके की यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है।
कार्यपालक अभियंता अरविंद कुमार ने कहा कि बारिश के कारण सड़क क्षतिग्रस्त हुई है और बरसात बंद होने के बाद मरम्मत कराई जाएगी।
स्थानीय लोगों ने एक बार फिर घटिया निर्माण और भ्रष्टाचार पर सवाल उठाए हैं तथा ठोस कार्रवाई की मांग की है।


No comments:
Post a Comment