जमुई में जिला बीस सूत्री कार्यक्रम समिति की समीक्षा बैठक, प्रभारी मंत्री रत्नेश सदा की अध्यक्षता में कई विभागों की समीक्षा
सिटी संवाददाता : प्रो० रामजीवन साहू
बुधवार को बिहार सरकार के मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग के मंत्री सह जिला प्रभारी मंत्री रत्नेश सदा की अध्यक्षता में जिला बीस सूत्री कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति की बैठक जिला मुख्यालय में आयोजित की गई।
बैठक की शुरुआत में जिलाधिकारी नवीन कुमार ने प्रभारी मंत्री समेत सभी जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों का स्वागत किया। डीएम ने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से बैठक का विषय प्रवेश कराया। इसके बाद प्रभारी मंत्री ने विभागवार समीक्षा की और कार्यों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक में विधायक श्रेयसी सिंह, प्रफुल्ल कुमार मांझी, पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल, डीडीसी सुभाष चंद्र मंडल, सिविल सर्जन डॉ. अमृत किशोर, जिला कृषि पदाधिकारी ब्रजेश कुमार सिंह, जिला जनसंपर्क अधिकारी भानु प्रकाश, उत्पाद अधीक्षक सुभाष कुमार, सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं बीस सूत्री समिति के उपाध्यक्ष शैलेन्द्र महतो, कन्हैया कुमार सिंह, सदस्यगण और अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
प्रभारी मंत्री ने स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, सिंचाई, पेयजल, बिजली, कृषि, खनन, आपूर्ति, पथ निर्माण, समाज कल्याण, श्रम व उत्पाद विभाग सहित अन्य विभागों की बिंदुवार समीक्षा की। उन्होंने आधार कार्ड अद्यतन हेतु शिविर आयोजित करने, मानक से अधिक खनन की जांच, स्वच्छ पेयजल उपलब्धता, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, आंगनवाड़ी सेवाओं और दाबिल पथ जैसे जनसरोकार से जुड़े मुद्दों पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया।
बैठक के दौरान जिले के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले अधिकारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया गया। प्रभारी मंत्री ने यह स्पष्ट निर्देश दिया कि सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक हर हाल में पहुँचे।
इस मौके पर जिलाधिकारी ने प्रभारी मंत्री को सभी विभागों से संबंधित अद्यतन जानकारी दी और उनके निर्देशों को जमीनी स्तर पर लागू करने का भरोसा दिलाया।

No comments:
Post a Comment