जमुई नगर परिषद पर सवाल, नगरवासी बोले – अध्यक्ष का चयन सही नहीं
सिटी संवाददाता : प्रो. रामजीवन साहु
जमुई/बिहार : जमुई नगर परिषद के कार्यों को लेकर इन दिनों नागरिकों में असंतोष तेजी से बढ़ रहा है। विशेष रूप से नगर के मुख्य मार्ग की जर्जर हालत देखकर आमजन कहने लगे हैं कि "नगर अध्यक्ष का चुनाव सही नहीं हुआ" और उसका खामियाज़ा अब पूरे नगर को भुगतना पड़ रहा है।
मुख्य मार्ग बना 'धान का खेत':
यह तस्वीर, जो किसी धान के खेत जैसी प्रतीत होती है, दरअसल जमुई नगर का हृदयस्थल माने जाने वाले बोधमन तालाब और कोठी पोखर के बीच का प्रमुख रास्ता है। अन्य वर्षों की तुलना में इस वर्ष स्थिति और भी नरकीय हो गई है, जिससे आवाजाही में अत्यधिक परेशानी हो रही है।
स्थानीय लोग व्यंग्य करते हुए कह रहे हैं कि "सड़क देखकर लगता है मानो किसान धान की रोपाई के लिए खेत को तैयार कर चुके हों।"
भाजपा जिला अध्यक्ष पहुँचे स्थल पर:
जमुई भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष प्रो. दुर्गा प्रसाद केशरी को जब इस स्थिति की जानकारी मिली, तो वे 28 जुलाई 2025 को मौके पर पहुँचे। उनके साथ कई सामाजिक कार्यकर्ता भी पहुँचे और सभी ने मिलकर इस समस्या के समाधान पर गंभीर चर्चा की।
बताया गया कि संबंधित अधिकारियों से बातचीत की जा चुकी है और संभावना जताई जा रही है कि एक सप्ताह के भीतर यह सड़क दुरुस्त कर दी जाएगी।
सवालों के घेरे में नगर परिषद:
स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर परिषद का नेतृत्व जनता की प्राथमिकताओं को नजरअंदाज कर रहा है। जलजमाव, खराब सड़कें और सफाई की बदहाल व्यवस्था से लोग परेशान हैं।
अब देखने वाली बात होगी कि नगर परिषद इस जन असंतोष का समाधान कब और कैसे करती है।

No comments:
Post a Comment