जोंकटिया गाँव में रविवार देर रात चोरी की वारदात, गहने-बर्तन व नगदी समेत 50 हजार से अधिक की संपत्ति पर हाथ साफ
सिटी संवाददाता : चंद्रदेव बरनवाल
सोनो, जमुई/बिहार : सोनो प्रखंड क्षेत्र के लोहा पंचायत अंतर्गत जोंकटिया गांव में रविवार की देर रात एक बड़ी चोरी की घटना सामने आई है। गांव निवासी विधा साव के दो मंजिला मकान से अज्ञात चोरों ने गहने, नये कपड़े, बर्तन और नगदी समेत 50 हजार रुपए से अधिक की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया।
रात 12 बजे चढ़े छत पर, सीढ़ी से नीचे उतरकर की वारदात:
घटना के वक्त विधा साव अपने परिजनों के साथ घर में सोए हुए थे। इसी बीच रात्रि करीब 12 बजे, चोर मकान की छत पर चढ़ गए और वहां से सीढ़ी के सहारे नीचे उतरकर मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ अंदर घुसे।
चोरों ने घर के अंदर रखे बक्से को, जिसमें जेवरात, नए कपड़े और बर्तन रखे थे, उठा लिया और गांव से सटे बहियार में ले जाकर की तलाशी। कीमती सामान निकालने के बाद पुराने कपड़े और खाली बक्सा छोड़कर भाग निकले।
सुबह हुई चोरी की जानकारी, ग्रामीणों ने देखा बिखरा सामान :
सोमवार सुबह जब परिजन नींद से जागे, तब जाकर उन्हें घटना की जानकारी हुई। आसपास शोरगुल होने पर ग्रामीण बहियार पहुंचे, जहाँ बक्सा और बिखरे कपड़े देखे गए।
मुखिया पहुंचे मौके पर, पीड़ित परिवार को दिया भरोसा:
सूचना मिलते ही लोहा पंचायत के मुखिया एवं जन सुराज पार्टी के प्रमुख श्री जमादार सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार को धैर्य बंधाया और हरसंभव आर्थिक मदद का आश्वासन दिया। साथ ही पुलिस प्रशासन से चोरों की धरपकड़ के लिए तत्परता से कार्रवाई की मांग की।
पीड़ित परिजन ने सोनो पुलिस को दिया आवेदन:
विधा साव के परिजनों ने सोनो थाना में एक लिखित आवेदन देकर चोरी की जांच एवं चोरी गए सामानों की बरामदगी की गुहार लगाई है।

No comments:
Post a Comment