जमुई में वज्रपात सुरक्षा रथ को डीएम ने दिखाया हरी झंडी, तड़ित से बचाव को लेकर जागरूकता अभियान शुरू - City Channel

Breaking

Tuesday, July 29, 2025

जमुई में वज्रपात सुरक्षा रथ को डीएम ने दिखाया हरी झंडी, तड़ित से बचाव को लेकर जागरूकता अभियान शुरू

जमुई में वज्रपात सुरक्षा रथ को डीएम ने दिखाया हरी झंडी, तड़ित से बचाव को लेकर जागरूकता अभियान शुरू

जमुई/बिहार : राजीव रंजन/राकेश कुमार

जिला समाहरणालय परिसर से आज जिलाधिकारी श्री नवीन कुमार ने वज्रपात सुरक्षा रथ को झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर डीडीसी सुभाष चंद्र मंडल, एडीएम रविकांत सिन्हा, नजारत उप समाहर्ता भानु प्रकाश, तथा आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के प्रभारी पदाधिकारी नागमणि कुमार वर्मा सहित कई अधिकारी उपस्थित थे।

जिलाधिकारी ने बताया कि हर वर्ष वज्रपात यानी ठनका से कई लोगों की जान चली जाती है। इसी को देखते हुए आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा यह विशेष जन-जागरूकता मुहिम शुरू की गई है। रथ जिले के छह चयनित प्रखंडों के सभी पंचायतों में जाकर लोगों को बिजली गिरने से बचाव के उपाय बताएगा।

श्री नवीन ने कहा कि वज्रपात की आशंका वाले क्षेत्रों में यह रथ प्राथमिकता के आधार पर भेजा जाएगा। साथ ही उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि तड़ित के समय घर में बिजली के उपकरणों से दूरी बनाए रखें, तार वाले टेलीफोन का इस्तेमाल न करें और कपड़ा सुखाने के लिए तार की जगह जूट या सूत की रस्सी का प्रयोग करें। यदि बाहर हों तो पेड़ या ऊँची इमारतों के नीचे पनाह लेने से बचें।

डीएम ने यह भी चेताया कि वर्षा ऋतु में डूबने की घटनाएँ भी बढ़ जाती हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि खतरनाक घाटों, नदियों, तालाबों या पुल-पुलियों से कूदकर स्नान न करें, और बच्चों को भी ऐसे स्थानों पर जाने से रोकें।

उधर वज्रपात सुरक्षा रथ निर्धारित क्षेत्रों के लिए रवाना हो चुका है। यह रथ माइकिंग के माध्यम से ग्रामीणों को वज्रपात और जल स्रोतों में डूबने से संबंधित बचाव उपायों की जानकारी देगा।

No comments:

Post a Comment

Pages