समाहरणालय सभागार समस्तीपुर में डीएम की अध्यक्षता में कई अहम मुद्दों पर समीक्षा बैठक आयोजित - City Channel

Breaking

Monday, July 28, 2025

समाहरणालय सभागार समस्तीपुर में डीएम की अध्यक्षता में कई अहम मुद्दों पर समीक्षा बैठक आयोजित

समाहरणालय सभागार समस्तीपुर में डीएम की अध्यक्षता में कई अहम मुद्दों पर समीक्षा बैठक आयोजित

समस्तीपुर/बिहार : अजय कुमार सिन्हा

समस्तीपुर में जिलाधिकारी श्री रोशन कुशवाहा की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में मंदिर व कब्रिस्तान की घेराबंदी, भूमि विवाद, सड़क सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण, खनन नियंत्रण, भूमि समाधान पोर्टल और थानों में सीसीटीवी कैमरों की स्थिति सहित कई विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।

मंदिरों की चहारदीवारी को लेकर बताया गया कि 25 योजनाओं के प्राक्कलन कार्य स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन को सौंपा गया है। वहीं कब्रिस्तानों की घेराबंदी के संबंध में जानकारी दी गई कि 350 लक्षित कब्रिस्तानों में से 342 की घेराबंदी पूर्ण हो चुकी है। शेष मामलों में कुछ निविदा प्रक्रिया में हैं, जबकि कुछ योजनाएँ विवाद या विभागीय निर्णय के कारण लंबित हैं। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को समन्वय बनाकर लंबित घेराबंदी कार्य शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया।

वन एवं पर्यावरण से जुड़ी समीक्षा के दौरान वन प्रमंडल पदाधिकारी ने सभी विभागों से पौधारोपण हेतु लक्ष्य के अनुसार पौधों की मांग करने और चिन्हित स्थलों पर रोपण सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

खनन विभाग की समीक्षा में बताया गया कि जिले में अब तक कुल 160 प्रतिशत राजस्व संग्रहण हुआ है, और अवैध खनन पर नियंत्रण के लिए नियमित छापेमारी जारी है।

सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षा के दौरान जिला परिवहन पदाधिकारी ने जानकारी दी कि हेलमेट और वाहनों की नियमित जांच की जा रही है, और अब तक 70% राजस्व वसूली की जा चुकी है। दुर्घटना-प्रवण ब्लैक स्पॉट चिन्हित किए गए हैं, और ज़ेब्रा क्रॉसिंग, रिफ्लेक्टर आदि लगाए जा चुके हैं। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अभियंताओं को सड़क पर जलजमाव की समस्या का समाधान करने और सुरक्षा उपायों का नियमित निरीक्षण करने का निर्देश दिया।

थानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की समीक्षा के क्रम में जिलाधिकारी ने मुख्यालय डीएसपी को सभी थानों में कैमरों की जांच कर, बंद कैमरों को शीघ्र चालू करवाने और इसकी रिपोर्ट प्रस्तुत करने का आदेश दिया।

बैठक में अपर समाहर्ता, वन प्रमंडल पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Pages