मानव दुर्व्यापार विरोधी दिवस पर कार्यक्रम आयोजित
सिटी संवाद : रजनीश कुमार सिंह
जमुई/बिहार : मानव दुर्व्यापार विरोधी दिवस के अवसर पर तटवासी समाज न्यास द्वारा जमुई रेलवे स्टेशन और समाज कल्याण विभाग परिसर में संयुक्त रूप से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस अवसर पर डीएलएसए से पवन कुमार राय, रेलवे सुरक्षा बल से एसआई कम एसएचओ मनोज कुमार देव और बाल कल्याण समिति के सदस्य महेश चौधरी उपस्थित रहे।
इन सभी वक्ताओं ने संयुक्त रूप से कहा कि बाल दुर्व्यापार, विशेष रूप से बच्चों की तस्करी से निपटने के लिए सभी संबंधित एजेंसियों और विभागों को मिलकर ठोस कार्रवाई करनी होगी, ताकि मानव तस्करी में लिप्त गिरोहों में कानून का भय उत्पन्न हो सके।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने इस बात पर भी चिंता जताई कि बच्चों की तस्करी से निपटने में कानून प्रवर्तन एजेंसियों के समक्ष कई चुनौतियाँ हैं।
सभी ने यह स्वीकार किया कि मौजूदा कानूनों के प्रति जागरूकता बढ़ाना, संवेदनशील तबकों को तस्करी के तौर-तरीकों से अवगत कराना और विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय को सशक्त करना आज की आवश्यकता है।
कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि जुलाई माह में तटवासी समाज न्यास ने रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के सहयोग से रेलवे स्टेशनों पर जागरूकता अभियान चलाया था, जिसका उद्देश्य मानव तस्करी पर अंकुश लगाना और आम लोगों को इस खतरे से सजग करना था।
इस कार्यक्रम में तटवासी समाज न्यास जमुई के कार्यकर्ता मो० गुलरेज, विभूति कुमार समेत दर्जनों सामाजिक कार्यकर्ता सक्रिय रूप से शामिल रहे।


No comments:
Post a Comment