कॉमरेड चारु मजूमदार के 53वें शहादत दिवस पर संकल्प सभा आयोजित
🔹“जनता का स्वार्थ ही पार्टी का स्वार्थ” – शम्भू शरण।
जमुई/बिहार : राजीव रंजन/राकेश कुमार
भारतीय कम्युनिस्ट आंदोलन के महान योद्धा और भाकपा (माले) के संस्थापक महासचिव कॉमरेड चारु मजूमदार के 53वें शहादत दिवस के अवसर पर जमुई जिले के झाझा प्रखंड अंतर्गत नारगंजो गाँव में संकल्प सभा का आयोजन किया गया। इस सभा में दर्जनों गाँवों से सैकड़ों की संख्या में भाकपा माले के कार्यकर्ता शामिल हुए।
शहीदों को श्रद्धांजलि, चारु मजूमदार के विचारों को याद किया गया :
कार्यक्रम की शुरुआत कॉमरेड चारु मजूमदार के तेलचित्र पर माल्यार्पण और एक मिनट के मौन के साथ की गई। सभा की अध्यक्षता भाकपा माले के प्रखंड सचिव कॉमरेड कंचन रजक ने की।
सभा को संबोधित करते हुए भाकपा माले के जिला सचिव शम्भू शरण सिंह ने कहा “कॉमरेड चारु मजूमदार ने अपना सम्पूर्ण जीवन गरीबों, किसानों, मजदूरों, भूमिहीनों और दलितों की मुक्ति के लिए समर्पित किया। उन्होंने कहा था कि जनता का स्वार्थ ही पार्टी का स्वार्थ है – आज हमें इस विचार को व्यवहार में उतारने की ज़रूरत है।”
28 जुलाई, पार्टी पुनर्गठन का ऐतिहासिक दिन :
भाकपा माले के युवा नेता कॉमरेड बाबू साहब सिंह ने कहा “28 जुलाई सिर्फ शहादत दिवस नहीं, बल्कि पार्टी के पुनर्गठन का भी प्रतीक है। हम इस अवसर पर तीनों महान महासचिवों – कॉमरेड चारु मजूमदार, कॉमरेड जौहर और कॉमरेड विनोद मिश्रा – को नमन करते हैं, जिन्होंने भीषण दमन के दौर में पार्टी को दिशा दी।"
'वोटबंदी' के खिलाफ संघर्ष को तेज करने का आह्वान :
उन्होंने बिहार में जारी ‘वोटबंदी’ अभियान को लोकतंत्र और संविधान पर हमला बताया। “विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के माध्यम से कमजोर तबकों को मताधिकार से वंचित किया जा रहा है। हमें इस साजिश के खिलाफ व्यापक जन प्रतिरोध खड़ा करना होगा, तभी हम कॉमरेड चारु मजूमदार को सच्ची श्रद्धांजलि दे सकेंगे।”
दलित-आदिवासी अधिकारों की रक्षा का संकल्प :
सभा में उपस्थित कॉमरेड रमेश यादव और कॉमरेड गुलटेन पुजहर ने कहा “आज संविधान, नागरिकता और वोट के अधिकार पर coordinated हमला हो रहा है। हमें गरीब, दलित, आदिवासी और मेहनतकश जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट संघर्ष करना होगा।”
उपस्थित रहे दर्जनों कार्यकर्ता :
कार्यक्रम में जगदीश राणा, पलटू ठाकुर, कुलदीप तुरी, एतबार टुडू, मूषो पुजहर, मंगल टुडू, बीरम टुडू, मूर्ति देवी, झकसी देवी सहित दर्जनों कॉमरेड और स्थानीय कार्यकर्ता शामिल रहे।

No comments:
Post a Comment