बरूअट्टा में भगवान चित्रगुप्त जी की प्राण प्रतिष्ठा यज्ञ संपन्न, श्रद्धा और भक्ति का उमड़ा सैलाब
जमुई : जमुई जिले के बरूअट्टा गांव स्थित ठाकुरबाड़ी परिसर में तीन दिवसीय भगवान चित्रगुप्त जी की प्राण प्रतिष्ठा यज्ञ गुरुवार को वैदिक विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। पूरे आयोजन के दौरान भक्ति, श्रद्धा और सामाजिक समरसता का दृश्य देखने को मिला।
3 जून से आरंभ हुए इस अनुष्ठान की शुरुआत भव्य कलश यात्रा से हुई, जिसमें सैकड़ों महिलाओं ने पारंपरिक परिधान में सिर पर कलश रखकर पूरे गांव की परिक्रमा की।
4 जून को श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए। इस अवसर पर जमुई की लोकप्रिय विधायक सुश्री श्रेयसी सिंह ने भी कार्यक्रम में भाग लिया। उन्होंने भगवान चित्रगुप्त जी की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया और उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा:
"समाज में एकता, धार्मिक चेतना और न्याय की भावना को बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।"
मुख्य यज्ञ का संचालन पुजारी महेश पांडेय द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ किया गया। उन्होंने पूरे अनुष्ठान को विधिपूर्वक संपन्न कराया।
इस आयोजन में ग्लोबल कायस्थ कॉन्फ्रेंस (GKC) की सक्रिय भागीदारी रही।
GKC जमुई के जिलाध्यक्ष प्रवीण सिन्हा ने बताया कि इस आयोजन में जिला कोषाध्यक्ष सत्येंद्र शंकर प्रसाद, उपाध्यक्ष विकास सिन्हा, लीगल सेल उपाध्यक्ष राजेश सिन्हा, पंकज श्रीवास्तव, नीलमणि सहाय सहित कई समाजसेवी एवं ग्रामीणों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान चित्रगुप्त जी से न्याय, सद्भाव और समाज की प्रगति की कामना की। यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक एकजुटता का भी प्रतीक बन गया।
No comments:
Post a Comment