जमुई पुलिस को नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता, 2005 से फरार दो हार्डकोर नक्सली गिरफ्तार - City Channel

Breaking

Saturday, May 24, 2025

जमुई पुलिस को नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता, 2005 से फरार दो हार्डकोर नक्सली गिरफ्तार

जमुई पुलिस को नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता, 2005 से फरार दो हार्डकोर नक्सली गिरफ्तार

सिटी संवाददाता : अभिषेक सिन्हा

जमुई : जिले में नक्सलियों के विरुद्ध लगातार चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। झाझा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (डीएसपी) राजेश कुमार के नेतृत्व में चलाए गए छापामारी अभियान के दौरान पुलिस ने दो कुख्यात व लंबे समय से फरार चल रहे नक्सलियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए नक्सलियों की पहचान केलू यादव एवं गुरुदयाल यादव के रूप में की गई है।

जमुई एसपी मदन कुमार आनंद ने प्रेस को जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि वर्ष 2005 से फरार चल रहे नक्सली अपने गांव चरका पत्थर लौटे हैं। सूचना मिलते ही झाझा डीएसपी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गांव में घेराबंदी की और दोनों नक्सलियों को उनके घर से गिरफ्तार कर लिया।

एसपी ने बताया कि गिरफ्तार नक्सलियों पर 2005 में पुलिस के विरुद्ध साजिश रचने, अन्य नक्सलियों को एकत्रित कर हिंसात्मक गतिविधियों को अंजाम देने एवं नक्सली नेटवर्क को मजबूत करने के गंभीर आरोप हैं। लंबे समय से पुलिस को इन दोनों की तलाश थी। लगातार छापेमारी और तकनीकी निगरानी के बाद पुलिस को आखिरकार सफलता मिली।

इस महत्वपूर्ण कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी झाझा राजेश कुमार, सोनो थाना अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार, पुलिस पदाधिकारी विशाल कुमार, कुमारी पूर्णिमा और एसटीएफ (स्पेशल टास्क फोर्स) की टीम शामिल रही। पुलिस अधीक्षक ने पूरी टीम को सराहना देते हुए कहा कि जिले में नक्सलवाद के सफाए के लिए इस प्रकार की कार्रवाइयाँ आगे भी जारी रहेंगी।

No comments:

Post a Comment

Pages