समस्तीपुर में NDA ने किया शांभवी के लिए चुनावी सभा को सम्बोधित, चिराग ने कहा INDIA गठबंधन की सरकार बनी तो गरीबों को मिलने वाला अनाज होगा बंद - City Channel

Breaking

Wednesday, May 1, 2024

समस्तीपुर में NDA ने किया शांभवी के लिए चुनावी सभा को सम्बोधित, चिराग ने कहा INDIA गठबंधन की सरकार बनी तो गरीबों को मिलने वाला अनाज होगा बंद

समस्तीपुर में NDA ने किया शांभवी के लिए चुनावी सभा को सम्बोधित, चिराग ने कहा INDIA गठबंधन की सरकार बनी तो गरीबों को मिलने वाला अनाज होगा बंद


सिटी ब्यूरो रिपोर्ट : आनन्द कुमार/अजय कुमार सिन्हा 

कुशेश्वर/समस्तीपुर : बुधवार को समस्तीपुर संसदीय क्षेत्र के कुशेश्वर स्थान में लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान चिराग पासवान ने एनडीए प्रत्याशी शांभवी को जीताने का आह्वान किया। सभा की अध्यक्षता भाजपा‚ जदयू‚ लोजपा (रा) और हम पार्टी के कुशेश्वर स्थान के प्रखण्ड अध्यक्षों ने संयुक्त रूप से किया। 

   जबकि मंच का संचालन लोजपा (रा०) के कुशेश्वर स्थान प्रखण्ड अध्यक्ष राजकुमार राय जी ने किया। मंच पर उपस्थित नेताओं का एनडीए कार्यक्रताओं ने फूलों से बने माला पहना कर स्वागत व अभिनंदन किया। बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी और एनडीए प्रत्याशी शाम्भवी चौधरी ने मंच पर बैठे एनडीए के सभी नेताओं को पाग और गमछा देकर भोले की नगरी कुशेश्वर स्थान पर स्वागत व अभिनंदन किया।


वहीं मौके पर एनडीए प्रत्याशी शाम्भवी चौधरी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि कुशेश्वर स्थान के हर गांव और पंचायत को स्टेट हाईवे से जोड़ने का काम किया जाएगा। समस्तीपुर की जनता के लिए हम हमेशा उपलब्ध रहेंगे और अगले पांच साल में विकास के इतने काम करूंगी कि अगली बार वोट मांगने के लिए अगर नहीं भी आउंगी तो पुनः आप हमें जीताकर संसद भेजने का काम करेंगे। आगे उन्होंने यह भी कहा कि हम बेटी बनकर आप के सुख में शामिल रहूँ या नहीं लेकिन आपके दुख में हमेशा आपके साथ रहने वाली हूँ।

जनसभा को संबोधित करते हुए लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने कहा कि मेरी छोटी बहन शांभवी चुनाव लड़ रही हैं। आप सभी इन्हें भारी मतों से जीता कर दिल्ली भेजने का काम करें। ताकि आप से जुड़े मुद्दों को प्रधानमंत्री मोदी के सामने बैठकर उठाने और समस्तीपुर की समस्याओं को हल करने का काम करेगी। वहीं उन्होंने यह भी कहा कि अगर गलती से इंडी गठबंधन की सरकार बन गई तो आपके संपत्ति और मां-बहनों के गहनों पर भी राष्ट्र विरोधी लोग 55 प्रतिशत टैक्स लगाने में कोई संकोच नहीं करेंगे। बल्कि सबसे पहले गरीबों को मिलने वाला 5 किलो अनाज और 5 लाख तक का मुफ्त इलाज को बंद कर दिया जाएगा।

इसके साथ ही चिराग पासवान ने कहा कि विपक्ष के लोग लोकतंत्र बचाने और संविधान को खत्म कर देने का झूठा भ्रम फैला रहे हैं। लेकिन चिराग पासवान आपको पूरी गारंटी देता है कि दुनिया की कोई ताकत संविधान को बदल नहीं सकती और न ही आरक्षण को कभी खत्म करेगी। ये वही लोग हैं जो खुलेआम मंच से मेरे माता पिता और परिवार के लोगों को गाली देने का काम किए हैं।

55 लाख लोगों को मिला पक्का मकान : सम्राट चौधरी

जनसभा को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में दुनिया की 5वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनकर उभरी है। जिसमें बिहार के 55 लाख गरीबों को पक्का घर मिला है। आज घर-घर बिजली पहुंचाने का काम एनडीए की सरकार ने किया है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि अगले 5 सालों में गरीबों का बिजली बिल जीरो (0) करने का लक्ष्य रखा गया है।

वहीं मौके पर बिहार सरकार के मंत्री संतोष कुमार सुमन ने कहा कि समस्तीपुर लोकसभा से शांभवी चुनाव जीतकर जाती है, तो प्रधानमंत्री की परछाई की तरह रहेगी और अपने क्षेत्र में विकास कार्यों को पूरा करेगी।

साथ ही बिहार सरकार के मंत्री हरि सहनी ने भी कहा कि पूरे देश में गरीबों के एकमात्र नेता नरेंद्र मोदी हैं। जो गरीबों को रहने के लिए घर और खाने के लिए मुफ्त अनाज दे रहे हैं। हमारे नेता  नरेन्द्र मोदी के चलते आज पूरी दुनिया में भारत का डंका बज रहा है।

बताते चलें कि चुनावी सभा में बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी समेत एनडीए के कई बड़े नेताओं के साथ लोजपा नेता शाहनवाज अहमद कैफी, स्थानीय विधायक अमन भूषण हजारी, राजेश्वर हजारी, एनडीए के घटक दलों के जिलाध्यक्ष अनुपम उर्फ हीरा जी के अलावे प्रखण्ड अध्यक्ष आदि ने संबोधित किया। इस दौरान राजकुमार राय‚ घनश्याम चौधरी‚ दिनेश पाठक‚ राजेश कुमार‚ अजय राय‚ सिकन्दर यादव सहित एनडीए के अन्य नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे।

No comments:

Post a Comment

Pages