सोनो में बिना हेलमेट बाइक चलाने पर पुलिस ने लाठी से फोड़ा किशोर का सिर - City Channel

Breaking

Thursday, May 2, 2024

सोनो में बिना हेलमेट बाइक चलाने पर पुलिस ने लाठी से फोड़ा किशोर का सिर

सोनो में बिना हेलमेट बाइक चलाने पर पुलिस ने लाठी से फोड़ा किशोर का सिर 


सिटी संवाददाता : पंकज बरनवाल 

सोनो/जमुई : सोनो में स्थानीय पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय पुलिस पर लाठी से हमला कर किशोर का सिर फोड़ने का आरोप लगा है। दरअसल मंगलवार को एक बाइक सवार को पुलिस की गश्ती वाहन ने गाड़ी रोकने को कहा। युवक अभी बाइक साइड कर ही रहा था कि तभी पुलिस कर्मी ने बाइक सवार पर लाठी चला दी। जिससे बाइक पर पीछे बैठे किशोर का सिर फट गया और वह लहूलुहान हो गया। गनीमत यह रही कि किशोर की आंख बच गई। 

उक्त घटना सोनो थाना क्षेत्र के सोनो झाझा मुख्य मार्ग पर लोहा मोड़ के समीप की है। पुलिसकर्मी ने बिना हेलमेट पहने बाइक चला रहे एक युवक को रुकने का इशारा किया। युवक जब तक बाइक खड़ी करता है तब तक उसने लाठी चला दी। लिहाजा लाठी से बाइक में पीछे बैठे एक किशोर का सिर फट गया। 

घायल किशोर को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनो लाया गया। वहीं पुलिसकर्मी की इस कार्रवाई से घायल किशोर के परिजन आक्रोश में हैं। परिजन ने एसपी को आवेदन देकर दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की है। घायल किशोर की पहचान सुरेंद्र शर्मा के पुत्र अभिषेक कुमार के रूप में हुई है। 

सुरेंद्र ने बताया कि वह अपने बेटे के साथ बाइक से इलाज के लिए झाझा जा रहा था। पंचपहाड़ी लोहा मोड़ के समीप पुलिस की जीप खड़ी थी। अचानक से पुलिसकर्मी सामने आ गया और रुकने का इशारा किया। घुमावदार मोड़ होने के कारण जब तक वह बाइक रोकता तब तक पुलिसकर्मी ने लाठी से वार कर दिया, जिससे उसके पीछे बैठे बेटे अभिषेक का सिर फट गया और वह लहूलुहान हो गया। वहीं घटना के बाद पुलिसकर्मी भाग गए।

जांच कर होगी कार्रवाई : 

घटना मेरे संज्ञान में नहीं है। पीड़ित द्वारा सूचना मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

दीनानाथ सिंह पुलिस निरीक्षक सह थानाध्यक्ष, सोनो

No comments:

Post a Comment

Pages