समस्तीपुर में नाम वापसी की तिथि समाप्त, समस्तीपुर (सु.) और उजियारपुर संसदीय क्षेत्र से किसी ने भी नहीं लिया नाम वापस
सिटी ब्यूरो रिपोर्ट : आनन्द कुमार/अजय कुमार सिन्हा
समस्तीपुर : समस्तीपुर के दोनों संसदीय क्षेत्र में नाम वापसी की तिथि सोमवार को समाप्त हो गई। वहीं समस्तीपुर ( सु.) व उजियारपुर संसदीय क्षेत्र से किसी भी प्रत्याशी ने नाम वापस नहीं लिया। इसके बाद समस्तीपुर के लिए कुल 12 प्रत्याशी और उजियारपुर के लिए कुल 13 प्रत्याशी चुनावी मैदान में यथावत रह गए।
जिला निर्वाची पदाधिकारी सह जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह ने बताया कि चुनावी मैदान में डटे सभी प्रत्याशी को सिंबल अलर्ट कर दिया गया है। डीएम ने बताया कि चुनाव की तैयारी लगातार की जा रही है। चुनाव आयोग द्वारा दिए गए निर्देशों का अनुपालन किया जा रहा है। मतदाता आश्वस्त रहें कि उन्हें मतदाता पर्ची नहीं भी मिलने पर भी वे मतदान कर सकेंगे।
चुनाव आयोग द्वारा मतदाता पहचान पत्र के अलावा 12 विकल्प दिए गए हैं। निर्वाचन सूची में नाम अंकित रहने पर वे किसी भी वैकल्पिक दस्तावेजों के माध्यम से चुनाव में भाग ले सकेंगे।
जिलाधिकारी ने बताया कि मतदाता निर्वाचन संबंधी जानकारियां अपने संबंध में प्राप्त करने के लिए चुनाव आयोग के साइट और ऐप के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं। मतदान केंद्रों पर विकलांगों, वरिष्ठ मतदाताओं के अलावा युवा मतदाताओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सभी बूथ पर व्हील चेयर की सुविधा प्रदान की गई है। पेय जल सहित कई सुविधाएं मुहैया कराई जाएगी।
वरिष्ठ और विकलांग मतदाता द्वाराडि मांड किए जाने पर टांसपोर्टिंग की सुविधा भी उपलब्ध होगी। इसके लिए उन्हें सक्षम ऐप या 1950 पर कॉल करना होगा। समस्तीपुर और उजियारपुर लोकसभा क्षेत्र के प्रत्येक एक एक पिंक बूथ, युवा बूथ और दिव्यांग बूथ की स्थापना भी की जा रही है।
ईवीएम कोषांग भी लगातार कार्य कर रही है। सभी बूथों के लिए ईवीएम तैयार की जा रही है। चुनाव की सभी तैयारियां ससमय है। बस मतदाताओं से एक अपील है कि वे मतदान तिथि को बूथ पर जाकर अपना मतदान अवश्य करें। दूसरे को भी मतदान करने के लिए प्रेरित करें।
समस्तीपुर से मैदान में लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास) की शाम्भवी, बहुजन समाज पार्टी के राम लखन महतो, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी के सनी हजारी, राष्ट्रीय जन संभावना पार्टी के पिंकू पासवान, वाजिब अधिकार पार्टी के विद्यानंद राम, देश जनहित पार्टी के रतन बिहारी, साथी और आपका फैसला पार्टी के लाल बाबू महतो, निर्दलीय जीवछ कुमार हजारी, निर्दलीय रवि रौशन कुमार, निर्दलीय शशि भूषण दास, निर्दलीय मुकेश चौपाल, निर्दलीय अमृता कुमारी
उजियारपुर से मैदान में : राष्ट्रीय जनता दल के आलोक कुमार मेहता, जनता राज विकास पार्टी के मनोज कुमार, भारतीय जनता पार्टी के नित्यानंद राय, सोशलिस्ट यूनिटी सेन्टर आफ इंडिया (कम्यूनिस्ट) के राम पुकार राय, जागरूक जनता पार्टी की निक्की झा, बहुजन समाज पार्टी के मोहन कुमार मौर्या, राष्ट्रीय जन संभावना पार्टी के संतोष राय, सुभाषवादी भारतीय समाजवादी पार्टी के अंशु कुमार, निर्दलीय नारेन्द्र गिरी, निर्दलीय संजय पासवान, निर्दलीय अमरेश राय, निर्दलीय राकेश कुमार व निर्दलीय किशोर कुमार मैदान में रह गए हैं।

No comments:
Post a Comment