वोटिंग के लिए जज्बा, बालू खोद बुझाई प्यास, तपती धूप में किमी पैदल चल पहुंचे बूथ पर - City Channel

Breaking

Sunday, April 21, 2024

वोटिंग के लिए जज्बा, बालू खोद बुझाई प्यास, तपती धूप में किमी पैदल चल पहुंचे बूथ पर

वोटिंग के लिए जज्बा, बालू खोद बुझाई प्यास, तपती धूप में किमी पैदल चल पहुंचे बूथ पर


जमुई : जमुई लोकसभा क्षेत्र में 19 अप्रैल को वोटिंग थी। भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप में मतदाता दूर से चलकर मतदान केंद्रों पर पहुंच रहे थे। वोट देने आए चकाई विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीणों का एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें प्यास लगने पर एक ग्रामीण नदी में चुआं खोदकर अपनी प्यास बुझाते दिख रहा है।

 वहीं, एक बुजुर्ग मतदाता भी नदी का पानी पीकर अपनी प्यास बुझा रहे हैं। फिर वे मतदान करने अपने बूथ की ओर निकल पड़े। हालांकि मतदान केंद्रों पर कहीं 32 किलोमीटर दूर से चलकर तो कहीं 10 किलोमीटर की दूरी तय कर मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया। बरखुटिया गांव के ग्रामीण ने बताया कि गांव के अगल बगल में मतदान केंद्र नहीं रहने के कारण हम लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ती है। चिलचिलाती धूप और गर्म हवा के बावजूद भी हम लोग 10 किमी पैदल चलकर मतदान करने जा रहे हैं। 

वहीं गर्मी ज्यादा होने के कारण रास्ते में प्यास लग गई तो नदी में ही चुआं खोदकर पानी पी ली। उसके बाद दूसरे ग्रामीण के साथ मतदान करने जा रहे और भी लोगों ने इसी तरह पानी पिया। इसके बाद सभी मतदान करने के लिए बूथ की तरफ निकल पड़े। वहीं दूसरे ग्रामीण ने बताया कि गर्मी अधिक होने के कारण प्यास लग गई। कहीं चापाकल, कुआं नहीं नजर आया तो नदी में ही चुआं खोदकर पानी पी लिया। 

      बताते चलें कि अति नक्सल प्रभावित क्षेत्र बरमोरिया पंचायत के बरखुटिया गांव के दर्जनों मतदाता 10 किलोमीटर पैदल चल कर गुरुड़बाद गांव स्थित मतदान केंद्र संख्या-160 पर पहुंचे थे और वोट डाले थे।



खाना बनाते समय सिलेंडर से निकली चिनगारी, घर जलकर राख

🔹पीड़ित ने कहा-5 लाख नगद समेत सबकुछ बरबाद, मुआवजा की रखी मांग

खैरा 

जमुई के खैरा थाना क्षेत्र में आग लगने से एक घर में मौजूद 7 लाख का सामान जलकर राख हो गया। जानकारी के अनुसार घटना अमारी गांव की है और शुक्रवार की रात खाना बनाने के दौरान गैस सिलेंडर से निकली चिनगारी से आग लगी थी। घर के मालिक राजेंद्र तांती के बेटे उदय तांती ने बताया कि उनकी पत्नी किचन में खाना बना रही थी।

इस दौरान चूल्हे से चिनगारी निकली और आग लग गई। जब तक उसको बुझाने के लिए कोशिश की तब तक आग बहुत फैल गई। इससे घर में रखा पांच लाख रुपए नगद, सोने-चांदी के गहने, कपड़ा और बर्तन सहित सारा अनाज जलकर राख हो गया। पीड़ित ने बताया कि वह कमेटी चलता है इसलिए घर में 5 लाख रुपए कैश मौजूद था।

जिला प्रशासन से मदद की गुहार लगाते हुए मुआवजा की मांग की। वहीं घटना की जानकारी के बाद खैरा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष शशि भूषण झा ने बताया कि घर में खाना बनाने के दौरान आग लगी। नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है और साथ ही जांच की जा रही है।


जाइलो की टक्कर से 10 फीट उछला बालक, मौत

🔹लछुआड़-जमुई मार्ग पर रोड क्रॉस कर रहा था, छठ पूजा में ननिहाल आया था।

सिकन्दरा

जमुई के लछुआड़ थाना क्षेत्र के लछुआड़-जमुई मुख्यमार्ग स्थित राजपुरा गांव के पास शनिवार की सुबह जाइलो की टक्कर से तीन वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। बच्चा सड़क पार कर रहा था। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बच्चा फुटबॉल की तरह उछाल लेते हुए 10 फीट दूर सड़क पर जा गिरा और घटना स्थल पर ही दम तोड़ दिया।

मृतक की पहचान चंद्रशेखर शर्मा की तीन वर्षीय नाती यशराज के रूप में हुई है। शनिवार की सुबह परिजनों ने बताया कि यशराज जिले के सोनो प्रखंड क्षेत्र का रहने वाला था। छठ पूजा के दौरान अपनी मां के साथ राजपुरा ननिहाल आया था। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है।

सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने बच्चे के शव को उठाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों ने बताया कि इस मार्ग पर काफी तेज गति में गाड़ियां चलती है जिस कारण यह दुर्घटना घटी है। उन्होंने मांग की है कि जिला प्रशासन यहां स्पीड ब्रेकर लगवाए। साथ ही जगह-जगह वाहनों की गति कम करने को लेकर बोर्ड लगाए ताकि इस तरह की घटना पर आगे अंकुश लग पाए। साथ ही आरोपी वाहन चालक के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई की मांग की है।

लछुआड़ थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि टक्कर मारकर भागे जाइलो वाहन की पहचान सबलबीघा के डब्लू खान के रूप हुई है। जल्द ही वाहन को जब्त कर वाहन मालिक और चालक के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। 

No comments:

Post a Comment

Pages