दीपावली के दिन बिहार में निगरानी विभाग का बड़ा एक्शन, 5 लाख रुपये रिश्वत लेते एग्जीक्यूटिव इंजीनियर गिरफ्तार
🔸 मधुबनी पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता रितेश चंद्र सिन्हा पटना के फ्लैट से गिरफ्तार, 19.50 लाख रुपये कमीशन की थी मांग; छापेमारी में 6.11 लाख कैश और संपत्ति के कई दस्तावेज बरामद।
पटना/मधुबनी: दीपावली के दिन बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। मधुबनी के पथ निर्माण विभाग में तैनात कार्यपालक अभियंता (एग्जीक्यूटिव इंजीनियर) रितेश चंद्र सिन्हा को 5 लाख रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया गया है। उनकी गिरफ्तारी पटना के रामनगरी, आशियाना स्थित शिव पार्वती गृह अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर सी-303 से हुई।
निगरानी विभाग के अनुसार, रोहतास जिले के डेहरी ऑन-सोन निवासी ठेकेदार अरुण कुमार सिंह ने रिश्वत मांगने की शिकायत दर्ज कराई थी। ठेकेदार मधुबनी में दो सड़क निर्माण परियोजनाओं का काम करा रहे थे, जिनका करीब 6.50 करोड़ रुपये भुगतान बकाया था।
आरोप है कि इस भुगतान के बदले अभियंता ने 3 प्रतिशत कमीशन के हिसाब से 19.50 लाख रुपये की मांग की थी। तत्काल 5 लाख रुपये एडवांस मांगे गए थे। शिकायत के सत्यापन में रिश्वत मांगने की पुष्टि होने के बाद निगरानी डीएसपी श्याम बाबू प्रसाद के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
छापेमारी के दौरान निगरानी टीम को देखकर आरोपी ने रिश्वत की रकम फ्लैट की खिड़की से नीचे छोटे मैदान में फेंक दी। हालांकि, टीम ने रुपये बरामद कर लिए और अभियंता को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी में 6 लाख 11 हजार 900 रुपये नकद, सोने-चांदी के आभूषण, शेयर और एलआईसी निवेश के कागजात, सात बैंक खातों की जानकारी, जमीन एवं फ्लैट के दस्तावेज और लॉकर की चाबी मिली है।
फिलहाल निगरानी विभाग की टीम बरामद संपत्ति का मूल्यांकन करने के साथ आय से अधिक संपत्ति और भ्रष्टाचार से जुड़ी अन्य संपत्तियों की जांच कर रही है।

No comments:
Post a Comment