झाझा के बालिका उच्च विद्यालय में छात्राओं को दी गई कानूनी अधिकारों की जानकारी
🔸नालसा की जागृति योजना 2025 के तहत लगा विधिक जागरूकता शिविर, निःशुल्क कानूनी सहायता के लिए 15100 हेल्पलाइन की दी गई जानकारी।
जमुई। छात्राओं को कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करने और निःशुल्क विधिक सहायता की जानकारी देने के उद्देश्य से शनिवार को झाझा स्थित प्लस टू बालिका उच्च विद्यालय में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकार, जमुई के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य विषय राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) की ‘जागृति योजना 2025’ रहा।
शिविर का संचालन जिला विधिक सेवा प्राधिकार के पैनल अधिवक्ता अशोक प्रसाद केसरी और पारा विधिक स्वयंसेवक (पीएलवी) अविनाश कुमार पांडे के नेतृत्व में किया गया।
आम लोगों तक कानूनी जानकारी पहुंचाना उद्देश्य
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पैनल अधिवक्ता अशोक प्रसाद केसरी ने कहा कि जागृति योजना का उद्देश्य कानूनी जानकारी को अदालतों और किताबों तक सीमित न रखकर समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि कानूनी अधिकारों की जानकारी होने से लोग अपने मौलिक अधिकारों की रक्षा कर सकते हैं और जरूरत पड़ने पर उचित कानूनी उपचार प्राप्त कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि योजना के तहत समाज के कमजोर वर्गों, महिलाओं, मजदूरों, बुजुर्गों और बच्चों को विशेष रूप से जागरूक किया जा रहा है।
साइबर सुरक्षा और लैंगिक समानता पर जोर
शिविर में बताया गया कि कानूनी जागरूकता बढ़ाने के लिए नुक्कड़ नाटक, लघु फिल्में, हैंडबुक, जागरूकता शिविर और डिजिटल माध्यमों का उपयोग किया जा रहा है। विद्यालयों तथा स्थानीय निकायों में साइबर सुरक्षा, लैंगिक समानता और ‘सुरक्षित बचपन: सुरक्षित भविष्य’ जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं।
इस तरह के कार्यक्रमों का उद्देश्य बच्चों और युवाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा तथा कानूनी संरक्षण के प्रति जागरूक बनाना है।
निःशुल्क कानूनी सहायता के लिए 15100 पर करें संपर्क
कार्यक्रम के दौरान पैनल अधिवक्ता ने राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण की टोल-फ्री हेल्पलाइन संख्या 15100 की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जरूरतमंद लोग निःशुल्क विधिक सहायता और कानूनी जानकारी प्राप्त करने के लिए इस हेल्पलाइन का लाभ उठा सकते हैं।
शिविर में विद्यालय की प्रधानाध्यापिका राखी कुमारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने जिला विधिक सेवा प्राधिकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए ऐसे आयोजनों को छात्राओं के शैक्षणिक और सामाजिक विकास के लिए उपयोगी बताया।

No comments:
Post a Comment