दुर्गापूजा को लेकर बटिया पुलिस ने निकाला पैदल फ्लैग मार्च, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
🔸बटिया बाजार से झुमराज बाबा मंदिर स्थित दुर्गा मंदिर और बौझायत तक पहुंची पुलिस टीम, शांतिपूर्ण पूजा संपन्न कराने के लिए लोगों को दिलाया सुरक्षा का भरोसा।
सिटी संवाददाता : रौशन कुमार की रिपोर्ट।
सोनो/बटिया (जमुई), 16 अक्टूबर। दुर्गापूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से शुक्रवार की दोपहर बटिया थाना पुलिस ने थाना क्षेत्र में पैदल फ्लैग मार्च निकाला। वरीय पदाधिकारियों के निर्देश पर निकाले गए इस फ्लैग मार्च के दौरान पुलिसकर्मियों ने विभिन्न इलाकों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और आम लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया।
फ्लैग मार्च की शुरुआत बटिया बाजार से हुई। इसके बाद पुलिस टीम बटिया स्थित झुमराज बाबा मंदिर परिसर के दुर्गा मंदिर, बौझायत के दुर्गा मंदिर सहित लगभग आधा दर्जन गांवों से होकर गुजरी। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने पूजा स्थलों और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया।
शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर जोर
दुर्गापूजा के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने और क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन सतर्क है। पैदल फ्लैग मार्च के माध्यम से पुलिस ने लोगों को यह संदेश दिया कि त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार निगरानी कर रही है।
पुलिस की इस पहल का उद्देश्य श्रद्धालुओं के बीच सुरक्षा की भावना मजबूत करना तथा दुर्गापूजा को आपसी भाईचारे, सद्भाव और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना है।
फ्लैग मार्च में ये पुलिसकर्मी रहे शामिल
पैदल फ्लैग मार्च में बटिया थाना के एसआई रामप्रकाश राम, एसआई रमेश प्रसाद यादव, एसआई हरेराम यादव, एसआई ललन राम, एएसआई रघुनाथ यादव सहित पुलिस बल के जवान मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment