कामेश्वर पोद्दार की पुण्य स्मृति में पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प - City Channel

Breaking

Monday, October 5, 2026

कामेश्वर पोद्दार की पुण्य स्मृति में पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

🔸रसलपुर में पर्यावरण भारती का आयोजन, विश्व शिक्षक दिवस पर पर्यावरण संरक्षण और शिक्षकों के योगदान को किया गया याद।

लखीसराय: स्वर्गीय कामेश्वर पोद्दार की पुण्य स्मृति एवं विश्व शिक्षक दिवस के अवसर पर सोमवार को रसलपुर, मेदनीचौकी क्षेत्र में पर्यावरण भारती की ओर से पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व पर्यावरण प्रहरी सुनील कुमार पोद्दार ने किया। इस दौरान लोगों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने का संदेश दिया।

पर्यावरण भारती के संस्थापक, पर्यावरण संरक्षण गतिविधि के प्रांत संयोजक एवं अखिल भारतीय पेड़ उपक्रम टोली के सदस्य राम बिलास शाण्डिल्य ने कहा कि पर्यावरण का संतुलन जल, जमीन, जंगल, जानवर और जन यानी मानव के बीच सामंजस्य पर निर्भर है। इन पांचों के असंतुलित होने पर प्राकृतिक ऑक्सीजन की कमी के साथ प्राकृतिक आपदाओं का प्रभाव भी मानव जीवन पर बढ़ सकता है।

उन्होंने कहा कि पर्यावरण को व्यापक अर्थों में भगवान से भी जोड़ा जा सकता है। ‘भ’ से भूमि, ‘ग’ से गगन, ‘व’ से वायु, ‘आ’ से आग और ‘न’ से नीर—इन पांचों प्राकृतिक तत्वों के बिना जीवन की कल्पना संभव नहीं है। बढ़ती जनसंख्या के कारण जंगलों की अंधाधुंध कटाई से पर्यावरणीय असंतुलन गंभीर चुनौती बन गया है। उन्होंने प्रत्येक व्यक्ति से अपने आसपास कम से कम 10 पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया।

राम बिलास शाण्डिल्य ने कहा कि पितृपक्ष में अपने पूर्वजों की स्मृति में एक पौधा लगाना पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ सच्ची श्रद्धांजलि भी है। स्वर्गीय कामेश्वर पोद्दार रसलपुर के धार्मिक एवं सामाजिक कार्यकर्ता थे। गांव में वृक्षारोपण अभियान चलाने, मंदिर निर्माण तथा छुआछूत और सामाजिक भेदभाव को दूर करने के लिए उन्होंने महत्वपूर्ण प्रयास किए। ऐसे समाजसेवी की पुण्य स्मृति में पौधारोपण करना उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।

पर्यावरण प्रहरी सुनील कुमार पोद्दार ने विश्व शिक्षक दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि 5 अक्टूबर 1994 को यूनेस्को के मुख्यालय पेरिस में पहली बार विश्व शिक्षक दिवस मनाया गया था। इसका उद्देश्य शिक्षकों के योगदान, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा का सम्मान करना तथा शिक्षा के क्षेत्र में उनके प्रयासों को प्रोत्साहित करना है।

कार्यक्रम में सुनील कुमार पोद्दार, रामाशीष मेहता, नवनीत, केशव मेहता, पर्यावरण प्रांत टोली सदस्य सुनील मेहता, राम बिलास शाण्डिल्य, हिमालय, सुजीत कुमार प्रिंस, अनिल कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Pages