🔸डीएम ने ग्रामीणों से जाना क्षेत्र का हाल, 20 एकड़ भूमि और भट्ठा बाबा गर्म जलस्रोत का किया निरीक्षण।
सिटी संवाददाता : प्रो० रामजीवन साहू की रिपोर्ट।
जमुई, 7 अक्टूबर। जिले के चोरमरा क्षेत्र में विकास की संभावनाओं को गति देने के साथ अब यहां की प्राकृतिक और सांस्कृतिक विरासत को पर्यटन से जोड़ने की तैयारी भी शुरू हो गई है। बुधवार को जिला पदाधिकारी ने चोरमरा में आयोजित जनजातीय विकास कार्यशाला में भाग लिया और ग्रामीणों से सीधे संवाद कर क्षेत्र की समस्याओं, जरूरतों और संभावनाओं की जानकारी ली।
‘Support to Tribal Research Institute Scheme’ के तहत आयोजित कार्यशाला का शुभारंभ जिला पदाधिकारी एवं उप विकास आयुक्त ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यशाला में जनजातीय समुदाय के लिए संचालित कल्याणकारी योजनाओं की स्थिति के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, आजीविका और आधारभूत सुविधाओं से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई।
ग्रामीणों ने बताईं विकास से जुड़ी जरूरतें
ग्रामीणों ने डीएम के समक्ष बिजली, सड़क और स्वास्थ्य उपकेंद्र सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं से संबंधित समस्याएं रखीं। ग्रामीणों की बात सुनने के बाद जिला पदाधिकारी ने कहा कि चोरमरा के विकास को लेकर प्रशासन गंभीर है। उन्होंने जल्द क्षेत्र में बिजली की पहुंच सुनिश्चित करने की दिशा में पहल किए जाने का भरोसा दिलाया।
इसके बाद डीएम ने क्षेत्र में 20 एकड़ चिह्नित भूमि का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों के साथ भूमि एवं क्षेत्र के विकास से जुड़ी संभावनाओं पर चर्चा की गई।
गर्म जलस्रोत को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने पर मंथन
निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी भट्ठा बाबा के समीप स्थित प्राकृतिक गर्म जलस्रोत भी पहुंचे। स्थानीय लोगों की आस्था से जुड़े इस स्थल की प्राकृतिक विशेषताओं की जानकारी लेने के साथ उन्होंने इसके पर्यटन विकास की संभावनाओं का जायजा लिया।
डीएम ने संबंधित अधिकारियों के साथ चर्चा करते हुए पर्यटकों के लिए जरूरी सुविधाएं विकसित करने तथा प्राकृतिक स्वरूप और स्थानीय आस्था को संरक्षित रखते हुए पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने पर विचार-विमर्श किया।
प्रशासन की पहल का उद्देश्य चोरमरा में जनजातीय विकास और इको-टूरिज्म को साथ लेकर आगे बढ़ना है। क्षेत्र की प्राकृतिक विशेषताओं को पर्यटन से जोड़ने पर स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और आजीविका के नए अवसर पैदा होने की संभावना है। इससे चोरमरा के समग्र विकास को भी नई दिशा मिल सकती है।
मौके पर वन प्रमंडल पदाधिकारी, मुंगेर, उप विकास आयुक्त, जमुई, सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा कोषांग सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment