आर. के. सिन्हा के निधन पर झाझा में श्रद्धांजलि सभा, भाजपा नेताओं और जेपी सेनानियों ने दी भावभीनी विदाई
🔸भैयालाल माथुरी की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर रखा गया दो मिनट का मौन।
झाझा (जमुई)। भारतीय जनता पार्टी के संस्थापक सदस्य, पूर्व राज्यसभा सांसद एवं एसआईएस (SIS) ग्रुप के चेयरमैन रवींद्र किशोर सिन्हा उर्फ आर. के. सिन्हा के निधन पर शनिवार को झाझा नगर स्थित बरनवाल धर्मशाला में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा नेता भैयालाल माथुरी ने की, जबकि संचालन भाजपा नेता राजेश कुमार चंद्रवंशी ने किया।
श्रद्धांजलि सभा में भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं एवं जेपी सेनानियों ने स्वर्गीय आर. के. सिन्हा के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके बाद दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर उन्हें भावभीनी विदाई दी गई।
इस दौरान वक्ताओं ने उनके राजनीतिक, सामाजिक और औद्योगिक जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आर. के. सिन्हा का व्यक्तित्व बहुआयामी था। उन्होंने भाजपा के शुरुआती दौर से ही संगठन को मजबूत बनाने और उसके विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं, एसआईएस ग्रुप की स्थापना एवं विस्तार के माध्यम से उन्होंने सुरक्षा सेवा के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई और रोजगार सृजन में योगदान दिया।
वक्ताओं ने कहा कि आर. के. सिन्हा ने राजनीतिक एवं सामाजिक जीवन के साथ-साथ उद्योग जगत में भी अपनी मेहनत, दूरदर्शिता और उद्यमशीलता से विशिष्ट पहचान बनाई। उनका निधन राजनीतिक, सामाजिक और औद्योगिक जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। उनका संघर्षपूर्ण जीवन, संगठन के प्रति समर्पण और समाज के लिए किए गए कार्य हमेशा याद किए जाते रहेंगे।
कार्यक्रम में मौजूद जेपी सेनानियों ने भी उनके सार्वजनिक जीवन और सामाजिक योगदान को याद करते हुए श्रद्धासुमन अर्पित किए।
इस अवसर पर भाजपा नेता सूरज सिंह, कंचन देवी, जेपी सेनानी भगवान विश्वकर्मा, शिवशंकर माथुरी, राजेन्द्र प्रसाद साव, शोने लाल, पंकज कुमार, अमित यादव, प्रियंका उपाध्याय सहित भाजपा के कई कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
अंत में अध्यक्ष भैयालाल माथुरी ने सभी उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय आर. के. सिन्हा के विचार, सिद्धांत और राष्ट्र एवं समाज के प्रति उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।

No comments:
Post a Comment