जमुई में शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, नुमर गांव में कार से 304 लीटर विदेशी शराब बरामद - City Channel

Breaking

Saturday, October 31, 2026

जमुई में शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, नुमर गांव में कार से 304 लीटर विदेशी शराब बरामद

जमुई में शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, नुमर गांव में कार से 304 लीटर विदेशी शराब बरामद

🔸34 पेटियों में मिलीं 768 बोतलें, टायर पंचर होने पर कार छोड़कर फरार हुआ चालक।

जमुई। जिले में शराब तस्करी के खिलाफ उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को नुमर गांव से शराब लदी एक कार जब्त की। कार की तलाशी के दौरान 34 पेटियों में रखी 768 बोतल विदेशी शराब बरामद की गई। बरामद शराब की कुल मात्रा 304.560 लीटर बताई गई है। उत्पाद विभाग की टीम को देखकर भाग रहे चालक की कार का टायर पंचर हो गया, जिसके बाद वह वाहन छोड़कर फरार हो गया।

उत्पाद अधीक्षक सुभाष कुमार ने शुक्रवार देर शाम प्रेस वार्ता में बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर उत्पाद विभाग की टीम ड्रोन की सहायता से शराब के खिलाफ छापेमारी अभियान चलाने जा रही थी। इसी दौरान बाबा ढाबा के समीप मलयपुर स्टेशन की ओर से आ रही एक कार टीम को देखकर तेज रफ्तार में भागने लगी। संदेह होने पर टीम ने उसका पीछा किया। भागते हुए कार नुमर गांव पहुंची, जहां उसका टायर पंचर हो गया। इसके बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।

उन्होंने बताया कि नुमर गांव में शराब लदी कार होने की सूचना मिलने पर उत्पाद विभाग की दूसरी टीम को मौके पर भेजा गया। उत्पाद थाना प्रभारी गौरी शंकर कुमार के नेतृत्व में एसआई मधुसूदन यादव, एएसआई प्रतिभा कुमारी सहित अन्य पदाधिकारियों ने कार को जब्त कर उत्पाद थाना पहुंचाया। तलाशी के दौरान उसमें से 768 बोतल विदेशी शराब बरामद हुई।

उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि फरार चालक और शराब तस्कर की पहचान के लिए कार्रवाई की जा रही है। वहीं, घटनास्थल से कुछ शराब लूटे जाने की सूचना भी मिली है, जिसकी जांच की जा रही है।

जिला प्रशासन और उत्पाद विभाग ने स्पष्ट किया है कि शराब के अवैध परिवहन, भंडारण और बिक्री में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा दोषियों पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

No comments:

Post a Comment

Pages