जमुई में नशामुक्त बिहार अभियान के पहले दिन बड़ी कार्रवाई, कार से शराब के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
🔻बोधवन तालाब के पास उत्पाद विभाग ने 142.750 लीटर शराब और केन बियर की खेप पकड़ी, एक दिन पहले भी करीब 10 लाख रुपये की अवैध शराब हुई थी जब्त।
जमुई। नशामुक्त बिहार अभियान-2026 के शुभारंभ के पहले ही दिन जमुई उत्पाद विभाग ने शराब तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। मंगलवार को शहर के बोधवन तालाब के समीप उत्पाद पुलिस ने एक कार से अंग्रेजी शराब और केन बियर की खेप बरामद करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया। बरामद शराब की कुल मात्रा 142.750 लीटर बताई गई है।
वही बताते चलें कि जिला पदाधिकारी के निर्देश पर उत्पाद अधीक्षक के नेतृत्व में मद्यनिषेध एवं उत्पाद विभाग लगातार छापेमारी अभियान चला रहा है। इसी क्रम में बोधवन तालाब के पास कार्रवाई की गई।
कार से शराब और केन बियर बरामद
उत्पाद विभाग की कार्रवाई में कार से 191 बोतल अंग्रेजी शराब और 71 केन बियर बरामद किए जाने की जानकारी दी गई है। मामले में संलिप्त दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
एक दिन पहले भी जब्त हुई थी अवैध शराब
प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, इस कार्रवाई से एक दिन पहले भी जिले में करीब 10 लाख रुपये मूल्य की अवैध शराब जब्त की गई थी। लगातार हो रही कार्रवाई के माध्यम से प्रशासन अवैध शराब के निर्माण, परिवहन, भंडारण और बिक्री पर रोक लगाने की कोशिश कर रहा है।
नशामुक्त समाज बनाने की अपील
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शराब तस्करी और अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आम नागरिकों से नशामुक्त बिहार अभियान-2026 को जनआंदोलन बनाने में सहयोग करने की अपील की गई है।
प्रशासन ने लोगों से आग्रह किया है कि यदि कहीं अवैध शराब का निर्माण, बिक्री या परिवहन होता दिखाई दे, तो इसकी सूचना संबंधित विभाग को दें। प्रशासन का कहना है कि जनसहभागिता और सख्त कार्रवाई के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रखने तथा स्वस्थ और सुरक्षित समाज बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

No comments:
Post a Comment