🔸‘साइकिल यात्रा एक विचार’ के सदस्यों ने पौधारोपण के साथ पौधों के संरक्षण पर भी दिया जोर, युवाओं से पर्यावरण अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील।
जमुई: पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का रूप देने और युवाओं को सामाजिक सरोकारों से जोड़ने के उद्देश्य से ‘साईकिल यात्रा एक विचार, जमुई’ के सदस्यों ने रविवार को 561वीं रविवारीय साइकिल यात्रा निकाली। साइकिल यात्रा श्रीकृष्ण सिंह स्टेडियम, जमुई से शुरू होकर नगर परिषद क्षेत्र के बिहारी मोहल्ला पहुंची।
यात्रा के दौरान संस्था के सदस्यों ने युवाओं और ग्रामीणों से अपने आसपास खाली एवं लंबे समय से अनुपयोगी पड़े स्थानों को हरित क्षेत्र में बदलने की अपील की। सदस्यों ने कहा कि गांवों में खाली पड़ी जमीन, सार्वजनिक स्थल, विद्यालय परिसर, सड़क किनारे उपलब्ध स्थान और अन्य उपयुक्त क्षेत्रों में पौधारोपण कर हरियाली का दायरा बढ़ाया जा सकता है।
पौधे लगाने के साथ संरक्षण भी जरूरी
संस्था के सदस्य लड्डू मिश्रा ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है। लगाए गए पौधों को सुरक्षित रखना और उन्हें वृक्ष बनने तक नियमित देखभाल करना भी उतना ही जरूरी है।
उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक युवा अपने आसपास के किसी एक खाली स्थान को हरित क्षेत्र में बदलने और लगाए गए पौधों के संरक्षण की जिम्मेदारी ले, तो सामूहिक प्रयास से बड़े स्तर पर सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।
युवाओं की भागीदारी पर जोर
संस्था के संस्थापक विवेक कुमार ने कहा कि हरियाली का विस्तार केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है। इसके लिए आम नागरिकों और विशेषकर युवाओं की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।
उन्होंने कहा कि खाली पड़े प्रत्येक उपयुक्त क्षेत्र को हरित क्षेत्र में बदलने की पहल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकती है। इससे पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण तैयार करने में भी मदद मिलेगी।
साइकिल यात्रा में गोलू कुमार, सीपू सिंह, राकेश कुमार, के.पी. शौर्य, हर्ष कुमार सिन्हा, रामप्रवेश कुमार, रोहित राज, पंकज कुमार, लड्डू मिश्रा, आश्वी सिन्हा, सौरभ कुमार सहित कई ग्रामीण एवं संस्था के सदस्य मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment