जमुई में राज्य स्तरीय बालिका वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आगाज, आठ प्रमंडलों की 300 से अधिक खिलाड़ी दिखाएंगी दमखम - City Channel

Breaking

Friday, October 23, 2026

जमुई में राज्य स्तरीय बालिका वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आगाज, आठ प्रमंडलों की 300 से अधिक खिलाड़ी दिखाएंगी दमखम

जमुई में राज्य स्तरीय बालिका वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आगाज, आठ प्रमंडलों की 300 से अधिक खिलाड़ी दिखाएंगी दमखम

🔸जिला पदाधिकारी ने किया प्रतियोगिता का उद्घाटन, कहा—विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ खेल भी जरूरी।

सिटी संवाददाता : प्रो० रामजीवन साहू की रिपोर्ट।

जमुई, 23 अक्टूबर। बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, खेल विभाग एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को जमुई के सोनपे खेल मैदान पर तीन दिवसीय राज्य स्तरीय विद्यालय बालिका वॉलीबॉल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। जिला पदाधिकारी, पुलिस अधीक्षक और खेल विभाग, बिहार के सहायक निदेशक ने संयुक्त रूप से प्रतियोगिता का उद्घाटन किया।

प्रतियोगिता में बिहार के आठ प्रमंडलों—पटना, मुंगेर, भागलपुर, तिरहुत, मगध, सारण, दरभंगा एवं कोसी—की 300 से अधिक बालिका खिलाड़ी भाग ले रही हैं। आगामी तीन दिनों तक खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा, कौशल और टीम भावना का प्रदर्शन करेंगी।

प्रतियोगिता को निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए खेल विभाग की ओर से 70 से अधिक तकनीकी पदाधिकारियों, निर्णायकों एवं प्रशिक्षकों की प्रतिनियुक्ति की गई है। वहीं, जिला स्तर पर 20 से अधिक खेल शिक्षक आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

शिक्षा के साथ खेल भी जरूरी : जिला पदाधिकारी

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी ने कहा कि खेल हमारे जीवन में अहम भूमिका निभाते हैं। खेल न केवल शारीरिक रूप से स्वस्थ रखते हैं, बल्कि टीम भावना, आपसी सहयोग और भाईचारे को भी मजबूत करते हैं। स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का वास होता है। इसलिए विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ खेल भी जरूरी हैं।

उन्होंने खिलाड़ियों को अनुशासन एवं खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। साथ ही कहा कि जिला प्रशासन की ओर से खिलाड़ियों के आवासन एवं भोजन की समुचित व्यवस्था की गई है। किसी भी प्रकार की असुविधा होने पर खिलाड़ी मैदान में उपस्थित शिक्षकों अथवा संबंधित पदाधिकारियों को सूचित करें, ताकि उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा सके। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।

खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के मिलते हैं अवसर : पुलिस अधीक्षक

पुलिस अधीक्षक श्री विश्वजीत दयाल ने कहा कि वर्तमान समय में खेल के माध्यम से भी सफलता के शिखर तक पहुंचा जा सकता है। खेल प्रतिभाओं को पहचान दिलाने और जीवन में आगे बढ़ने के अनेक अवसर प्रदान करते हैं।

उन्होंने खिलाड़ियों से अनुशासन का पालन करते हुए पूरे उत्साह एवं खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने और अपनी प्रतिभा का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का आह्वान किया।

तीन दिनों तक होंगे रोमांचक मुकाबले

उद्घाटन समारोह में खेल विभाग, बिहार के सहायक निदेशक श्री संजीव कुमार सिंह, राष्ट्रीय निर्णायक श्री संदीप कुमार, श्री मुरारी प्रसाद, श्री करुणेश कुमार सिंह, श्री किशोर कुनाल एवं श्री प्रदीप कुमार, शिक्षक श्री नवीन कुमार एवं श्री मनोज कुमार सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

प्रतियोगिता के शुभारंभ के साथ ही खेल मैदान में उत्साह और प्रतिस्पर्धा का माहौल देखने को मिला। आगामी तीन दिनों तक विभिन्न प्रमंडलों की बालिका खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले होंगे। यह आयोजन उभरती खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का मंच प्रदान करने के साथ ही बालिकाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने तथा अपनी प्रतिभा के बल पर जिला एवं राज्य का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित करेगा।

No comments:

Post a Comment

Pages