कोल्हुआ के धोबघट में फुटबॉल टूर्नामेंट का भव्य आगाज, धरहरा की टीम ने टाईब्रेकर में मारी बाजी - City Channel

Breaking

Thursday, October 22, 2026

कोल्हुआ के धोबघट में फुटबॉल टूर्नामेंट का भव्य आगाज, धरहरा की टीम ने टाईब्रेकर में मारी बाजी

कोल्हुआ के धोबघट में फुटबॉल टूर्नामेंट का भव्य आगाज, धरहरा की टीम ने टाईब्रेकर में मारी बाजी 

🔸डीएम नवीन ने किया मदन सिंह मेमोरियल टूर्नामेंट का उद्घाटन, बोले- राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चमकेंगी जमुई की प्रतिभाएं।

जमुई। गिद्धौर प्रखंड के कोल्हुआ स्थित धोबघट खेल मैदान में गुरुवार को स्वर्गीय मदन सिंह मेमोरियल फुटबॉल टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ हुआ। मां काली फुटबॉल क्लब के तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता का उद्घाटन जिला पदाधिकारी नवीन ने किया। समारोह में बड़ी संख्या में खेलप्रेमी, गणमान्य लोग और स्थानीय ग्रामीण शामिल हुए।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए डीएम नवीन ने कहा कि जमुई की मिट्टी में खेल के प्रति विशेष लगाव और समृद्ध खेल संस्कृति की परंपरा रही है। खेल शारीरिक क्षमता और प्रतिस्पर्धा के साथ अनुशासन, टीम भावना, आत्मविश्वास तथा सामाजिक एकजुटता को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से पूरी लगन, मेहनत और खेल भावना के साथ आगे बढ़ने की अपील की।

डीएम ने कहा कि नक्सलवाद के प्रभाव के कारण जिले में विकास की कई संभावनाएं प्रभावित हुईं। इसका असर खेल प्रतिभाओं को मिलने वाले अवसरों, संसाधनों और प्रोत्साहन पर भी पड़ा। अब जिले में विकास की नई संभावनाएं आकार ले रही हैं और खेल के क्षेत्र में भी सकारात्मक बदलाव के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि सरकार और जिला प्रशासन के प्रयासों से जमुई के खिलाड़ी राष्ट्रीय ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान बनाएंगे।

उन्होंने आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे टूर्नामेंट युवाओं को खेल के प्रति प्रेरित करने और स्थानीय प्रतिभाओं को मंच देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

टूर्नामेंट का उद्घाटन मुकाबला मुंगेर जिले के शंकर स्पोर्ट्स इलेवन क्लब, धरहरा और झारखंड के बाबूमहल, दुमका की टीम के बीच खेला गया। दोनों टीमों के बीच शुरुआत से ही रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। मध्यांतर तक स्कोर 1-1 से बराबर रहा। निर्धारित समय में फैसला नहीं होने पर टाईब्रेकर कराया गया, जिसमें धरहरा की टीम ने 5-4 से जीत हासिल की।

धरहरा टीम के जर्सी नंबर 10 के खिलाड़ी मोहम्मद अब्दुल को शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।

स्वर्गीय मदन सिंह की स्मृति में आयोजित यह प्रतियोगिता क्षेत्र में फुटबॉल को बढ़ावा देने और स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान कर रही है। आयोजन से युवाओं में खेल के प्रति रुचि बढ़ने और जमुई की खेल संस्कृति को नई ऊर्जा मिलने की उम्मीद है।

No comments:

Post a Comment

Pages