राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज जमुई में Startup Bihar Idea Bootcamp 2026 का आयोजन - City Channel

Breaking

Tuesday, September 29, 2026

राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज जमुई में Startup Bihar Idea Bootcamp 2026 का आयोजन

🔻15 से अधिक स्टार्टअप आइडिया का हुआ प्रस्तुतीकरण, उत्कृष्ट नवाचारकर्ताओं को प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान पर किया गया सम्मानित।

सिटी संवाददाता : प्रो० रामजीवन साहू की रिपोर्ट।

जमुई, 29 सितंबर 2026। राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, जमुई में स्टार्टअप सेल की ओर से जिला उद्योग केंद्र, जमुई के सहयोग से ‘Startup Bihar Idea Bootcamp 2026’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं युवा नवाचारकर्ताओं को अपने स्टार्टअप विचारों को प्रस्तुत करने के लिए मंच उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें व्यावहारिक, व्यावसायिक और कानूनी चुनौतियों की जानकारी देना तथा उनके समाधान के लिए आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराना था।

बूटकैंप में प्रतिभागियों ने 15 से अधिक स्टार्टअप आइडिया प्रस्तुत किए। इनमें Ten-X, टेक विमान और सिविल सर्विसेज सहित तकनीकी एवं सामाजिक नवाचार से जुड़े विभिन्न विचार शामिल रहे। विशेषज्ञों और अतिथियों ने प्रतिभागियों के विचारों की संभावनाओं, व्यावसायिक मॉडल तथा कानूनी पहलुओं पर चर्चा की। इस दौरान नवाचारकर्ताओं को अपने आइडिया को बेहतर बनाने और उसे व्यावहारिक रूप देने के लिए आवश्यक सुझाव भी दिए गए।

कार्यक्रम में जिला प्रशासन की ओर से जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक शुभम कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं उद्योग विकास प्राधिकारी पंकज कुमार, राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज के प्राचार्य डॉ. भोपाल कुमार, कंप्यूटर साइंस विभागाध्यक्ष श्रीतोष कुमार, मनीष कुमार, प्रशांत कुमार तथा मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभागाध्यक्ष डॉ. राम निवास कुमार समेत कॉलेज के वरिष्ठ शिक्षक एवं अधिकारी मौजूद रहे।

प्रतिभागियों के स्टार्टअप विचारों और उनके प्रदर्शन का मूल्यांकन विशेषज्ञों एवं निर्णायकों की ओर से किया गया। मूल्यांकन के बाद उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले नवाचारकर्ताओं को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान के लिए चयनित कर प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के समापन पर अतिथियों, निर्णायकों, शिक्षकों और प्रतिभागियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया गया। बूटकैंप के माध्यम से विद्यार्थियों और युवा नवाचारकर्ताओं को अपने विचारों को स्टार्टअप के रूप में विकसित करने की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर मिला।

No comments:

Post a Comment

Pages