विद्यालयों के आसपास पुलिस दीदी की सघन गश्ती, छात्र-छात्राओं को सुरक्षा के प्रति किया जागरूक - City Channel

Breaking

Tuesday, September 29, 2026

विद्यालयों के आसपास पुलिस दीदी की सघन गश्ती, छात्र-छात्राओं को सुरक्षा के प्रति किया जागरूक

🔻संदिग्ध एवं असामाजिक तत्वों पर रखी गई नजर, छात्राओं को आत्मसुरक्षा और हेल्पलाइन नंबरों की दी गई जानकारी।

सिटी संवाददाता : प्रो० रामजीवन साहू की रिपोर्ट।

जमुई, 29 सितंबर 2026। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर जिले में ‘पुलिस दीदी’ का सघन गश्ती एवं जन-जागरूकता अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में मंगलवार को पुलिस दीदी टीम ने जिले के विभिन्न विद्यालयों के आसपास सघन गश्ती कर संदिग्ध एवं असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर नजर रखी।

गश्ती के दौरान टीम ने विद्यालयों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और छात्र-छात्राओं के लिए सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण बनाए रखने की दिशा में आवश्यक निगरानी की। पुलिस दीदी टीम विद्यालय परिसर में भी पहुंची और छात्र-छात्राओं से सीधे संवाद कर उनकी सुरक्षा से जुड़े विषयों पर जानकारी साझा की।

इस दौरान विद्यार्थियों को आत्मसुरक्षा के उपाय, सुरक्षा संबंधी आवश्यक सावधानियों तथा आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों के बारे में जागरूक किया गया। टीम ने छात्र-छात्राओं से किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा असामान्य स्थिति की जानकारी तत्काल पुलिस या स्थानीय प्रशासन को देने की अपील की।

प्रशासन की ओर से कहा गया कि महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और गरिमा को लेकर जिला प्रशासन और जिला पुलिस पूरी तरह सजग एवं प्रतिबद्ध है। विद्यालयों और सार्वजनिक स्थानों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने के साथ-साथ जागरूकता के माध्यम से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ाने पर भी जोर दिया जा रहा है।

पुलिस ने आम लोगों से अपील की कि यदि उनके आसपास कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई देती है तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस या स्थानीय प्रशासन को दें। असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कार्रवाई में प्रशासन का सहयोग कर सुरक्षित वातावरण बनाने में अपनी भूमिका निभाएं।

No comments:

Post a Comment

Pages