चकाई में जीविका टीम का क्षेत्र भ्रमण, योजनाओं के क्रियान्वयन का लिया जायजा
डीपीएम संजय कुमार के नेतृत्व में चार पंचायतों का निरीक्षण, सभी प्रखंडों में हर माह फील्ड विजिट का निर्देश
चकाई। जिला परियोजना समन्वयन इकाई जीविका, जमुई की टीम ने शनिवार को चकाई प्रखंड में सामुदायिक संगठनों का क्षेत्र भ्रमण कर विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी स्थिति का जायजा लिया। टीम का नेतृत्व जिला परियोजना प्रबंधक संजय कुमार ने किया।
भ्रमण की शुरुआत में प्रखंड परियोजना प्रबंधक चकाई संजीव कुमार ने डीपीएम संजय कुमार का अंगवस्त्र और पौधा भेंट कर स्वागत किया। इसके बाद डीपीएम के नेतृत्व में खरीदारी प्रबंधक गणेश कुमार गुंजन, संचार प्रबंधक सुनीता कुमारी और प्रभारी प्रबंधक संस्था निर्माण एवं क्षमता वर्धन अमरेंद्र कुमार ने बामदह, चंद्रमंडी, डाढ़वा और चकाई पंचायत का सघन दौरा किया।
इस दौरान स्वयं सहायता समूहों और ग्राम संगठनों के कार्यों का निरीक्षण किया गया। समूहों के बही-खातों, आंतरिक लेनदेन तथा ऋण पुनर्भुगतान की अद्यतन स्थिति की जांच की गई। इसके साथ ही दीदियों द्वारा संचालित आजीविका गतिविधियों और सतत जीविकोपार्जन योजना के लाभार्थियों का भी जायजा लिया गया।
सुधा बिक्री केंद्र के लिए चयनित दीदियों, जिनमें किराना दुकान और अन्य व्यवसाय संचालित करने वाली महिलाएं शामिल हैं, का भौतिक सत्यापन किया गया। उनकी वार्षिक आय की स्थिति की जानकारी लेने के साथ समूह सदस्यों की समस्याएं भी सुनी गईं और समाधान के लिए सूची तैयार की गई।
क्षेत्र भ्रमण के बाद जीविका कार्यालय में समीक्षा बैठक हुई। डीपीएम संजय कुमार ने कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि जिले के सभी प्रखंडों में प्रत्येक माह सघन क्षेत्र भ्रमण किया जाएगा, ताकि योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो और जमीनी स्थिति की लगातार समीक्षा होती रहे।

No comments:
Post a Comment