बुद्धनगर में दादा-दादी दिवस पर पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प
पर्यावरण भारती के कार्यक्रम में पीपल, आम और बरहर के पौधे लगाए गए।
परबत्ता। अंतरराष्ट्रीय दादा-दादी दिवस को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ते हुए पर्यावरण भारती की ओर से बुद्धनगर में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। सौढ़ उत्तरी पंचायत के बुद्धनगर (भरतखंड) में आयोजित कार्यक्रम में पीपल, आम और बरहर के पौधे लगाए गए।
पौधारोपण का नेतृत्व पर्यावरणविद शिक्षक सिद्धार्थ कुमार ने किया। कार्यक्रम में पर्यावरण भारती के संस्थापक राम बिलास शाण्डिल्य सहित कई लोगों ने हिस्सा लिया।
राम बिलास शाण्डिल्य ने कहा कि प्रकृति के संतुलन के लिए पेड़ों और जीव-जंतुओं का संरक्षण जरूरी है। जंगलों की लगातार कटाई से पक्षियों और अन्य जीवों के प्राकृतिक आवास प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने लोगों से पौधे लगाने के साथ उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल पौधा लगाने तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि लगाए गए पौधों को बड़ा होने तक सुरक्षित रखना भी जरूरी है। लोगों से अपने घरों के आसपास अधिक से अधिक पेड़ लगाने का आह्वान किया गया।
शिक्षक सिद्धार्थ कुमार ने बताया कि दादा-दादी दिवस परिवार के वरिष्ठ सदस्यों के सम्मान और उनके अनुभवों को महत्व देने का अवसर है। दादा-दादी बच्चों को संस्कार, अनुशासन और जीवन के अनुभवों से जोड़ते हैं। ऐसे दिन पौधारोपण का आयोजन प्रकृति संरक्षण का संदेश देता है।
कार्यक्रम में पर्यावरण भारती से जुड़े सदस्यों, ग्रामीणों और बच्चों ने भाग लिया। उपस्थित लोगों ने पौधों की देखभाल और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का संकल्प लिया।

No comments:
Post a Comment