दौलतपुर में नारी अदालत सह सखी वार्ता, महिलाओं को अधिकार और सरकारी योजनाओं की जानकारी... - City Channel

Breaking

Wednesday, September 23, 2026

दौलतपुर में नारी अदालत सह सखी वार्ता, महिलाओं को अधिकार और सरकारी योजनाओं की जानकारी...

दौलतपुर में नारी अदालत सह सखी वार्ता, महिलाओं को अधिकार और सरकारी योजनाओं की जानकारी..

🔻न्याय सखियों की बैठक में नारी अदालत की भूमिका पर चर्चा, PMMVY से मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना तक दी गई जानकारी।

सिटी संवाददाता : प्रो० रामजीवन साहू की रिपोर्ट।

जमुई, 23 सितंबर 2026। ग्राम पंचायत दौलतपुर स्थित सामुदायिक भवन में बुधवार को महिला एवं बाल विकास निगम के अंतर्गत डिस्ट्रिक्ट हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वीमेन (DHEW), जमुई की ओर से नारी अदालत सह सखी वार्ता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत दौलतपुर की मुखिया सह नारी अदालत अध्यक्ष रानी देवी मौजूद रहीं।

कार्यक्रम के दौरान नारी अदालत की न्याय सखियों की बैठक आयोजित कर इसकी भूमिका, उद्देश्य और कार्यप्रणाली पर विस्तार से चर्चा की गई। ग्रामीण महिलाओं ने भी कार्यक्रम में भाग लिया। इस अवसर पर न्याय सखियों के बीच ड्रेस का वितरण किया गया।

महिलाओं को बताया गया कि नारी अदालत पारिवारिक और सामाजिक विवादों के समाधान में संवाद, आपसी समझ और सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से सहयोग देने वाला मंच है। इसके जरिए महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ उपलब्ध सहायता और सेवाओं से जोड़ने का प्रयास किया जाता है।

सखी वार्ता के दौरान महिलाओं और ग्रामीण समुदाय को मिशन शक्ति के तहत संचालित संबल एवं सामर्थ्य से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (PMMVY), मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, वन स्टॉप सेंटर (सखी), शक्ति सदन, सखी निवास और कामकाजी महिला आवास जैसी योजनाओं एवं सेवाओं के बारे में बताया गया।

महिलाओं को विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने के लिए पात्रता और संबंधित सेवाओं की जानकारी देकर जागरूक किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को स्थानीय स्तर पर न्याय और सहायता की व्यवस्था से जोड़ना तथा उन्हें अधिकारों और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक कर आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सहयोग करना रहा।

कार्यक्रम में जिला मिशन समन्वयक मुकेश कुमार, मनो-सामाजिक परामर्शदाता शालू सिन्हा, वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञ विकाश कुमार, नारी अदालत के सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं उपस्थित रहीं।

No comments:

Post a Comment

Pages