मड़वा पहाड़ी मामले की उच्चस्तरीय समीक्षा, सांसद अरुण भारती ने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई के दिए निर्देश - City Channel

Breaking

Tuesday, September 22, 2026

मड़वा पहाड़ी मामले की उच्चस्तरीय समीक्षा, सांसद अरुण भारती ने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई के दिए निर्देश

मड़वा पहाड़ी मामले की उच्चस्तरीय समीक्षा, सांसद अरुण भारती ने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई के दिए निर्देश

🔻डीएम-एसपी व DIG के साथ बैठक में पुलिस कार्रवाई और पीड़ित परिवार के पुनर्वास की समीक्षा; मुख्य आरोपी समेत दो और गिरफ्तार।

सिटी संवाददाता : प्रो० रामजीवन साहू की रिपोर्ट।

जमुई, 22 सितंबर 2026: मड़वा पहाड़ी क्षेत्र में दो नाबालिगों के साथ हुई घटना को लेकर जमुई सांसद एवं लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के लोकसभा में मुख्य सचेतक अरुण भारती ने मंगलवार को DIG, जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में घटना के बाद पुलिस की कार्रवाई, आरोपियों की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार की सुरक्षा व पुनर्वास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई।

सांसद के अनुसार, 19 सितंबर की शाम नाबालिग छात्रा और उसके मित्र को कुछ युवकों ने रास्ते में रोककर कथित रूप से मारपीट और अभद्र व्यवहार किया। घटना से संबंधित वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए प्राथमिकी दर्ज की।

पुलिस अधीक्षक ने सांसद को बताया कि सदर SDPO के नेतृत्व में गठित विशेष जांच दल (SIT) मामले की जांच कर रहा है। प्रारंभिक कार्रवाई में तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद मुख्य आरोपी और उसके एक सहयोगी को भी गिरफ्तार किया गया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

पुलिस के अनुसार, नाबालिगों की पहचान उजागर करने वाले करीब 120 सोशल मीडिया प्रोफाइल के खिलाफ साइबर थाने में भी प्राथमिकी दर्ज की गई है।

सांसद ने शेष आरोपियों की गिरफ्तारी, डिजिटल साक्ष्यों की फॉरेंसिक जांच और समयबद्ध आरोप-पत्र दाखिल करने पर जोर दिया। उन्होंने पीड़ित बच्चों और उनके परिवार की सुरक्षा, अंतरिम आर्थिक सहायता, मनोवैज्ञानिक परामर्श तथा पढ़ाई जारी रखने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

भविष्य में ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए मड़वा पहाड़ी सहित सुनसान मार्गों पर शाम के समय पुलिस गश्त, प्रकाश और CCTV की व्यवस्था तथा विद्यालय-कोचिंग क्षेत्रों में महिला पुलिस की सक्रियता बढ़ाने की बात कही गई।

अरुण भारती ने कहा कि “बेटियों के सम्मान से खिलवाड़ करने वाला कोई भी अपराधी बख्शा नहीं जाएगा।” उन्होंने जनता से घटना का वीडियो शेयर या फॉरवर्ड नहीं करने की अपील की, ताकि नाबालिग पीड़ितों की पहचान उजागर न हो।

प्रेस विज्ञप्ति में सांसद द्वारा मुख्यमंत्री को मामले में पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय दिलाने के आग्रह का भी उल्लेख किया गया है।

No comments:

Post a Comment

Pages