सखी वार्ता में बालिकाओं को महिला सशक्तिकरण और साइबर सुरक्षा की दी जानकारी
🔻खैरा के बड़ाबांध में कार्यक्रम, बाल विवाह से बचाव और सरकारी योजनाओं का बताया लाभ।
सिटी संवाददाता : प्रो० रामजीवन साहू की रिपोर्ट।
जमुई: महिला एवं बाल विकास निगम के अंतर्गत डिस्ट्रिक्ट हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वीमेन (DHEW), जमुई की ओर से शनिवार को +2 राघो सिंह स्मारक उच्च विद्यालय, बड़ाबांध, खैरा में सखी वार्ता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें बालिकाओं को महिला अधिकार, शिक्षा, सुरक्षा, आत्मनिर्भरता, सरकारी योजनाओं और वित्तीय साक्षरता से जुड़ी जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में जिला मिशन समन्वयक मुकेश कुमार, जेंडर स्पेशलिस्ट कुमार गौरव, वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञ विकाश कुमार एवं एमटीएस रवि कुमार मौजूद रहे।
बालिकाओं को मिशन शक्ति के तहत संचालित संबल एवं सामर्थ्य योजनाओं की जानकारी दी गई। वन स्टॉप सेंटर, महिला हेल्पलाइन 181, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, नारी अदालत, शक्ति सदन, सखी निवास और पालना गृह जैसी सेवाओं के बारे में भी बताया गया। इसके अलावा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना और मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर पात्र लोगों को लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में वित्तीय आत्मनिर्भरता पर विशेष जोर दिया गया। छात्राओं को बचत, बैंक खाता, डिजिटल बैंकिंग और सुरक्षित ऑनलाइन लेन-देन के बारे में बताया गया। OTP, PIN, पासवर्ड और बैंक संबंधी जानकारी किसी से साझा नहीं करने तथा अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने की सलाह दी गई।
बाल विवाह के दुष्परिणामों और कानूनी प्रावधानों की जानकारी देते हुए बाल विवाह निषेध अधिनियम एवं POCSO अधिनियम के बारे में भी जागरूक किया गया। किसी भी तरह की हिंसा, उत्पीड़न, बाल शोषण या साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल सहायता लेने को कहा गया।
बालिकाओं को महिला हेल्पलाइन 181, आपातकालीन सेवा 112 और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की जानकारी देते हुए शिक्षा को प्राथमिकता देने, अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया।

No comments:
Post a Comment