चंद्रमंडीह धरना तीसरे दिन भी जारी, चालक महासंघ और आईआईपी ने दिया समर्थन
सिटी ब्यूरो रिपोर्ट : राजीव रंजन/राकेश कुमार
🔻अपराध पर रोक और थाना प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग; संगठनों ने मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी।
जमुई: चंद्रमंडीह थाना क्षेत्र में कथित बढ़ती आपराधिक घटनाओं और कानून-व्यवस्था को लेकर भाकपा माले एवं आदिवासी संघर्ष मोर्चा के नेतृत्व में चल रहा अनिश्चितकालीन धरना बुधवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। धरनास्थल पर इंडियन इंक्लूसिव पार्टी (आईआईपी) और राष्ट्रीय वाहन चालक महासंघ भारत के प्रतिनिधियों ने पहुंचकर आंदोलन को समर्थन दिया।
आईआईपी के जिला अध्यक्ष शंभू कुमार ने क्षेत्र में लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि चंद्रमंडीह क्षेत्र के लोगों में असुरक्षा की भावना है। उन्होंने धरनार्थियों की मांगों पर कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में संगठन की ओर से सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन करने की बात कही।
राष्ट्रीय वाहन चालक महासंघ भारत के अध्यक्ष विनोद यादव उर्फ फुट कपार ने कहा कि चंद्रमंडीह थाना क्षेत्र में शांति और भाईचारा कायम करने के लिए प्रशासन को प्रभावी कदम उठाने चाहिए। उन्होंने थाना प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि मांग पूरी नहीं होने पर संघ आंदोलन को तेज करेगा।
धरने की अध्यक्षता भाकपा माले के युवा नेता कंचन रजक ने की। उन्होंने आरोप लगाया कि चंद्रमंडीह थाना क्षेत्र में चोरी समेत अन्य आपराधिक घटनाओं की शिकायतें सामने आ रही हैं और पुलिस की कार्रवाई को लेकर लोगों में नाराजगी है। उन्होंने थाना प्रभारी गजेंद्र कुमार के कार्यकाल की उच्चस्तरीय जांच और कार्रवाई की मांग की।
माले नेताओं ने कहा कि मांगों पर कार्रवाई नहीं होने पर जिले के विभिन्न प्रखंड मुख्यालयों पर पुलिस पदाधिकारियों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन और पुतला दहन किया जाएगा।
धरने में माले के जिला सचिव शंभू शरण सिंह, राज्य कमेटी सदस्य बाबू साहब सिंह, राहुल यादव, कल्लू मरांडी, खूब लाल राणा, जगदीश राणा, नितेश्वर आजाद, मोहम्मद हैदर, मनोज कुमार पांडे, सलीम अंसारी, करमानी राय, जिब्राइल अंसारी समेत बड़ी संख्या में धरनार्थी मौजूद रहे।
नोट: आंदोलनकारियों द्वारा पुलिस और थाना प्रभारी पर लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि इस खबर में नहीं की गई है। पुलिस प्रशासन का पक्ष उपलब्ध होने पर उसे भी शामिल किया जा सकता है।
.png)
No comments:
Post a Comment