खराब स्ट्रीट लाइट पर एजेंसियों को चेतावनी, गारंटी राशि जब्त करने की तैयारी
पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने कहा- सुधार नहीं हुआ तो एजेंसी पर जुर्माना के बाद होगी कड़ी कार्रवाई।
जमुई। जिले में करीब 10 प्रतिशत स्ट्रीट लाइट खराब होने की जानकारी के बाद पंचायती राज विभाग ने संबंधित एजेंसियों पर कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। शनिवार को सर्किट हाउस में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने कहा कि खराब लाइटों को निर्धारित समय सीमा में ठीक कराना होगा।
उन्होंने कहा कि लापरवाही करने वाली एजेंसियों पर जुर्माना लगाया जा रहा है। इसके बाद भी सुधार नहीं होने पर गारंटी राशि जब्त की जाएगी। जरूरत पड़ने पर ऐसी एजेंसियों को भविष्य में बिहार सरकार के काम से भी दूर रखा जा सकता है।
मंत्री ने पंचायत स्तर की योजनाओं की गुणवत्ता की नियमित निगरानी का निर्देश दिया। अधिकारियों को क्षेत्र भ्रमण कर योजनाओं की जांच, पंचायत कार्यालयों के निरीक्षण और सरकारी रिकॉर्ड व्यवस्थित रखने को कहा गया।
उन्होंने पंचायत की जमीन से अतिक्रमण हटाने तथा खाली सरकारी भूमि के बेहतर उपयोग पर भी जोर दिया। मंत्री ने कहा कि आम लोगों की शिकायतों को गंभीरता से सुनकर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई होनी चाहिए।
जल समझौते पर उन्होंने बिहार में बाढ़ और जल संकट दोनों की स्थिति का जिक्र करते हुए राज्य के हित में जरूरी बदलाव पर विचार की बात कही। आरक्षण के सवाल पर उन्होंने वंचित समाज को मुख्यधारा में आने तक लाभ देने की बात कही और शिक्षा को सामाजिक विकास का प्रमुख माध्यम बताया।

No comments:
Post a Comment