दरार और टूटे प्लास्टर की शिकायत पर खैरा पंचायत सरकार भवन पहुंचे मंत्री - City Channel

Breaking

Friday, September 11, 2026

दरार और टूटे प्लास्टर की शिकायत पर खैरा पंचायत सरकार भवन पहुंचे मंत्री

दरार और टूटे प्लास्टर की शिकायत पर खैरा पंचायत सरकार भवन पहुंचे मंत्री

▪️पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने किया निरीक्षण, पूरे बिहार के पंचायत सरकार भवनों की जांच कराने की घोषणा।

सिटी संवाददाता : प्रो० रामजीवन साहू की रिपोर्ट 

जमुई। खैरा प्रखंड के पंचायत सरकार भवन में निर्माण गुणवत्ता को लेकर मिली शिकायत के बाद शुक्रवार को पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने निरीक्षण किया। करीब 2.30 करोड़ रुपये की लागत से बने भवन के हॉल, कमरे, लाइब्रेरी, छत और अन्य हिस्सों का उन्होंने जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान कई जगह मरम्मत के निशान और टूटे प्लास्टर मिले। लाइब्रेरी में लगे बिजली बोर्ड की स्थिति को भी मंत्री ने देखा और उसे सुरक्षित तरीके से दुरुस्त कराने का निर्देश दिया।

मंत्री ने कहा कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। दीवारों में दिखाई देने वाली किसी भी तरह की दरार को गंभीरता से लेते हुए तत्काल सुधार कराया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि भवन भूकंपरोधी तकनीक से बना है, जबकि कुछ स्थानों पर जाली नहीं लगाए जाने के कारण समस्या सामने आने की बात कही गई है।

मंत्री ने घोषणा की कि बिहार में निर्माण पूरा कर चुके और हैंडओवर के लिए तैयार सभी पंचायत सरकार भवनों की जांच कराई जाएगी। जांच में संतुष्ट होने के बाद ही भवनों का हैंडओवर किया जाएगा।

निरीक्षण के बाद मंत्री ने भवन परिसर में पौधारोपण किया और खैरा पंचायत के वार्ड नंबर 11 का भी जायजा लिया। मौके पर पंचायती राज पदाधिकारी वीरेंद्र कुमार सहित अन्य अधिकारी, नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Pages