ललदैया काजवे टूटने से बढ़ी परेशानी, विधायक ने किया निरीक्षण; डायवर्सन बनाने का दिया निर्देश
खैरा। प्रखंड क्षेत्र में ललदैया काजवे टूटने के कारण बाधित आवागमन का जायजा लेने शनिवार को सिकंदरा विधायक प्रफुल्ल मांझी मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थिति का निरीक्षण कर स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान निर्माणाधीन नए पुल के काम की धीमी रफ्तार देखकर विधायक ने नाराजगी जताई और मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया।
विधायक ने कहा कि काजवे टूटने से बड़ी आबादी के सामने आवागमन की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है, जिससे समय और आर्थिक नुकसान दोनों हो रहे हैं।
तत्काल डायवर्सन बनाने का निर्देश
विधायक प्रफुल्ल मांझी ने अधिकारियों को निर्माणाधीन पुल के बगल से तत्काल डायवर्सन तैयार कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि डायवर्सन बनने से दोपहिया वाहनों और छोटी गाड़ियों का आवागमन जल्द शुरू कराया जा सकेगा और लोगों को राहत मिलेगी।
उन्होंने कहा कि नए पुल के निर्माण में अभी समय लग सकता है। ऐसे में निर्माण पूरा होने तक लोगों की सुविधा के लिए वैकल्पिक रास्ता उपलब्ध कराना जरूरी है। निरीक्षण के दौरान विधायक ने पुल निर्माण की प्रगति की जानकारी ली और अधिकारियों से कार्य पूरा होने की समय-सीमा भी पूछी।
विधायक ने स्पष्ट कहा कि पुल निर्माण में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लोगों को लंबे समय तक आवागमन की समस्या झेलने के लिए नहीं छोड़ा जा सकता। उन्होंने निर्माण कार्य की गति बढ़ाने के साथ गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि पुल मजबूत और टिकाऊ होना चाहिए, ताकि लंबे समय तक क्षेत्र के लोगों को इसका लाभ मिल सके। निर्माण में किसी भी स्तर पर गुणवत्ता से समझौता नहीं किया जाना चाहिए।
निरीक्षण के दौरान विनय केशरी, संतोष सिंह, सतेंद्र रावत, समीर उद्दीन, सुनील मांझी समेत पुल विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment