जमुई में नियोजन मेला बना युवाओं के रोजगार का मंच, 311 अभ्यर्थियों का ऑन-द-स्पॉट चयन
▪️20 निजी कंपनियों ने लिया हिस्सा, 671 युवाओं के बायोडाटा प्राप्त; डीएम ने कौशल विकास को बताया उज्ज्वल भविष्य की कुंजी।
जमुई, 1 सितंबर 2026 : जमुई में युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मंगलवार को जिला स्तरीय एक दिवसीय नियोजन-सह-व्यावसायिक मार्गदर्शन मेला आयोजित किया गया। संयुक्त श्रम भवन, सोनपे, जमुई के सामने स्थित मैदान में आयोजित मेले में युवाओं की भारी भीड़ उमड़ी।
मेले का शुभारंभ जिला पदाधिकारी, जमुई सहित उपस्थित पदाधिकारियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान जिला नियोजन पदाधिकारी श्री सुनील कुमार सुमन ने जिला पदाधिकारी एवं श्रम अधीक्षक, जमुई का पौधा भेंट कर अभिनंदन किया।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने अभ्यर्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सामान्य शिक्षा के साथ कौशल विकास पर भी विशेष ध्यान देना जरूरी है। उन्होंने युवाओं से अपने कौशल को विकसित करने का आग्रह किया, ताकि वे भविष्य में बेहतर रोजगार के अवसर हासिल कर सकें और अपने भविष्य को उज्ज्वल बना सकें।
वहीं, श्रम अधीक्षक, जमुई ने विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए युवाओं को प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को पहले कौशल, फिर रोजगार और संभव हो तो स्वरोजगार की दिशा में भी आगे बढ़ना चाहिए।
20 निजी नियोजकों ने लिया हिस्सा
नियोजन मेले में निजी क्षेत्र के कुल 20 नियोजकों ने भाग लिया। नियोजकों द्वारा 671 अभ्यर्थियों के बायोडाटा प्राप्त किए गए, जिनके साक्षात्कार के बाद 311 अभ्यर्थियों का स्थल पर ही चयन किया गया। बड़ी संख्या में युवाओं के चयन से मेले में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
सरकारी योजनाओं की भी दी गई जानकारी
मेले में बेरोजगार युवाओं को केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के लिए अलग-अलग विभागों के स्टॉल लगाए गए। जिला नियोजनालय, जिला उद्योग केंद्र, जन शिक्षण संस्थान, श्रम संसाधन विभाग एवं औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के स्टॉल पर युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार और कौशल विकास से संबंधित योजनाओं की जानकारी एवं मार्गदर्शन दिया गया।
जिला नियोजन पदाधिकारी श्री सुनील कुमार सुमन ने कहा कि यह रोजगार मेला केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि युवाओं के सपनों और अवसरों के बीच एक सेतु है। नियोजन मेला सरकार, उद्योग और युवाओं को एक मंच पर लाकर रोजगार, स्वरोजगार और कौशल विकास की दिशा में सार्थक प्रयास कर रहा है। इसका उद्देश्य योग्य युवाओं को उनकी क्षमता के अनुरूप अवसर उपलब्ध कराना और आत्मनिर्भरता के संकल्प को मजबूत करना है।
कार्यक्रम में जिला नियोजनालय के निम्न वर्गीय लिपिक श्री प्रभात रंजन, डाटा एंट्री ऑपरेटर श्री गौतम कुमार, जिला कौशल प्रबंधक श्री दीपक कुमार सहित कार्यालय के सभी कर्मी मौजूद रहे। अंत में जिला नियोजन पदाधिकारी श्री सुनील कुमार सुमन ने धन्यवाद ज्ञापन किया।

No comments:
Post a Comment