सरकारी कार्यालयों में स्वच्छता और अनुशासन को लेकर डीएम सख्त, 9 अगस्त को चलेगा विशेष स्वच्छता अभियान - City Channel

Breaking

Saturday, August 8, 2026

सरकारी कार्यालयों में स्वच्छता और अनुशासन को लेकर डीएम सख्त, 9 अगस्त को चलेगा विशेष स्वच्छता अभियान

सरकारी कार्यालयों में स्वच्छता और अनुशासन को लेकर डीएम सख्त, 9 अगस्त को चलेगा विशेष स्वच्छता अभियान


▪️कार्यालय की स्वच्छता और सुव्यवस्था ही उन्नत कार्यसंस्कृति की पहचान: जिला पदाधिकारी; लापरवाही पर होगी कठोर कार्रवाई।

सिटी संवाददाता: प्रो० रामजीवन साहू की रिपोर्ट। 

जमुई : जिले के सरकारी कार्यालयों में स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित कार्य वातावरण सुनिश्चित करने को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। शनिवार को समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में सभी विभागों के पदाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यालयों की स्वच्छता, सुरक्षा, आधुनिकीकरण, अभिलेखों के संरक्षण एवं डिजिटलीकरण तथा प्रशासनिक अनुशासन को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए।

बैठक को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी ने कहा कि “कार्यालय की स्वच्छता और सुव्यवस्था ही उन्नत कार्यसंस्कृति की पहचान है।” उन्होंने कहा कि जिस पद पर अधिकारी या कर्मचारी कार्यरत हैं, वही समाज में उनकी पहचान है। कार्यालय उनके दूसरे घर के समान है, क्योंकि दैनिक जीवन का महत्वपूर्ण समय वहीं व्यतीत होता है।

उन्होंने कहा कि किसी कार्यालय की गरिमा केवल वहां होने वाले फाइलों के निष्पादन से नहीं, बल्कि उसकी स्वच्छता, सुंदरता और सुव्यवस्थित वातावरण से भी निर्धारित होती है। स्वच्छ और व्यवस्थित वातावरण से अधिकारियों एवं कर्मचारियों की कार्यक्षमता और ऊर्जा बढ़ती है। साथ ही सरकारी कार्यालय में आने वाले आम नागरिकों के मन में प्रशासन के प्रति सम्मान और विश्वास भी मजबूत होता है।

कार्यालय परिसर की नियमित सफाई के निर्देश

जिला पदाधिकारी ने सभी कार्यालय प्रधानों को कार्यालय परिसर, पेयजल स्रोतों एवं शौचालयों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने तथा सफाई की तिथि अंकित करने का निर्देश दिया। महिला कर्मियों के लिए अलग एवं स्वच्छ शौचालय की व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने को कहा गया।

इसके अलावा जर्जर दीवारों की मरम्मत एवं रंग-रोगन, छतों की साप्ताहिक सफाई, मुख्य द्वार पर नया नेम बोर्ड लगाने तथा प्रत्येक कर्मी की टेबल पर नामपट्ट एवं कार्य सूची प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए। कार्यालय परिसर को आकर्षक बनाने के लिए बागवानी विकसित करने और उसकी देखरेख की जिम्मेदारी संबंधित परिचारी को सौंपने को कहा गया।

बायोमेट्रिक उपस्थिति और CCTV से निगरानी पर जोर

प्रशासनिक अनुशासन और आधुनिकीकरण के तहत सभी कार्यालयों में शत-प्रतिशत बायोमेट्रिक उपस्थिति लागू करने का निर्देश दिया गया। कार्यालयों की सुरक्षा के लिए CCTV कैमरे लगाने तथा कार्यालय प्रधान द्वारा बड़े मॉनिटर के माध्यम से नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया।

कर्मचारियों को आवश्यकता के अनुसार कंप्यूटर एवं अन्य आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराने, जर्जर अलमारियों और फर्नीचर को हटाने तथा खुले तारों को व्यवस्थित कर नई वायरिंग कराने के निर्देश भी दिए गए।

आगंतुकों के लिए भी बेहतर व्यवस्था

बैठक में कार्यालयों में आने वाले आम लोगों की सुविधा का भी विशेष ध्यान रखने को कहा गया। आगंतुकों के बैठने की समुचित व्यवस्था, पर्दों एवं तौलियों की नियमित धुलाई तथा कार्यालय परिसर को साफ-सुथरा रखने के निर्देश दिए गए।

इसके साथ ही विभागीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने तथा उसका दाखिल-खारिज प्राथमिकता के आधार पर कराने का निर्देश दिया गया।

लापरवाही पर होगी कठोर कार्रवाई

जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जारी दिशा-निर्देशों के अनुपालन की औचक जांच की जाएगी। निरीक्षण के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी अथवा कर्मी के विरुद्ध कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

9 अगस्त को अधिकारी-कर्मचारी खुद चलाएंगे सफाई अभियान

दिशा-निर्देशों को धरातल पर उतारने के लिए जिला पदाधिकारी ने विशेष पहल करते हुए 9 अगस्त को सभी कार्यालयों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने का निर्देश दिया है। इस अभियान में सभी कार्यालय प्रधान अपने अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ स्वयं उपस्थित रहकर सफाई कार्य में भाग लेंगे।

जिला पदाधिकारी ने कहा कि इस सामूहिक अभियान का उद्देश्य केवल कार्यालय की सफाई करना नहीं, बल्कि अधिकारियों एवं कर्मचारियों में स्वच्छता के प्रति आत्म-बोध और नैतिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जब अधिकारी और कर्मचारी स्वयं सफाई अभियान में भाग लेंगे, तो कार्यालय परिसर को स्वच्छ रखने के प्रति उनमें स्थायी जिम्मेदारी का भाव विकसित होगा।

उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयास से जिला प्रशासन के कार्यालयों में स्वच्छता, अनुशासन और सकारात्मक कार्यसंस्कृति का ऐसा वातावरण तैयार किया जा सकता है, जिसका लाभ कर्मचारियों के साथ-साथ कार्यालय आने वाले आम नागरिकों को भी मिलेगा। 

No comments:

Post a Comment

Pages