30वां विशाल कांवड़ सेवा शिविर बना आस्था और सेवा का केंद्र, हजारों शिवभक्तों को मिल रही नि:शुल्क सुविधाएं - City Channel

Breaking

Saturday, August 8, 2026

30वां विशाल कांवड़ सेवा शिविर बना आस्था और सेवा का केंद्र, हजारों शिवभक्तों को मिल रही नि:शुल्क सुविधाएं

30वां विशाल कांवड़ सेवा शिविर बना आस्था और सेवा का केंद्र, हजारों शिवभक्तों को मिल रही नि:शुल्क सुविधाएं 

▪️गुड मॉर्निंग फ्रेंड्स क्लब और BSNL की 29 वर्षों की सेवा परंपरा जारी, प्राकृतिक चिकित्सा शिविर में दर्द व थकान से राहत का प्रयास।

सिटी ब्यूरो रिपोर्ट उत्तरप्रदेश : राजीव शर्मा/मनोज़ कुमार।

खतौली, मुजफ्फरनगर। खतौली में जीटी रोड स्थित भारत संचार निगम लिमिटेड (BSNL) प्रांगण, पालीवाल पेट्रोल पंप के समीप आयोजित 30वां विशाल कांवड़ सेवा शिविर इन दिनों शिवभक्तों की सेवा और आस्था का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। गुड मॉर्निंग फ्रेंड्स क्लब, शाहदरा दिल्ली एवं BSNL परिवार के सहयोग से पिछले 29 वर्षों से निरंतर संचालित हो रही सेवा परंपरा इस वर्ष तीन दशक के पड़ाव की ओर बढ़ रही है।

हरिद्वार से गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर पैदल लौट रहे कांवड़ यात्रियों के लिए शिविर में भोजन, विश्राम, स्नान, प्राथमिक चिकित्सा और नि:शुल्क वाई-फाई सहित विभिन्न आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। लंबी दूरी तय कर शिविर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की लगातार आवाजाही बनी हुई है। सेवादार भी पूरी तत्परता के साथ कांवड़ यात्रियों की सेवा में जुटे हैं।

शिविर की व्यवस्थाओं में गुड मॉर्निंग फ्रेंड्स क्लब, शाहदरा दिल्ली के प्रमोद शर्मा, योगेश त्यागी, मोहन दत्त शर्मा, अनिल कुमार बंसल, रमेश गिरी, डॉ. संजय बजाज, संजय कुमार सिंगल, संजय बैसला, गौतम बैसला, रिगन नगर, विनय नगर, उमेश रावत, टीटू नगर, सुभाष प्रजापति, योगेश अग्रवाल, हर्ष मोदी, नीटू बालियान एवं गोपाल शर्मा उर्फ शैंकी सहित अनेक सदस्य सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

वहीं BSNL परिवार की ओर से शैलेंद्र सिंह, संजीव कुमार शर्मा, प्रवेश कुमार, अमरपाल, ओम सिंह, नकुल दत्त, राकेश शर्मा, दीनदयाल, रमेश और सूरजपाल सहित अन्य सदस्य शिविर की विभिन्न व्यवस्थाओं को संभाल रहे हैं। आयोजकों के अनुसार शिविर की व्यवस्थाओं में स्थानीय प्रशासन की ओर से भी सहयोग प्राप्त हो रहा है।

आरती और जयघोष से भक्तिमय हुआ माहौल

सेवा के साथ शिविर में आध्यात्मिक वातावरण बनाए रखने के लिए पुरोहित सुमित शर्मा एवं वीर नारायण शर्मा द्वारा नियमित रूप से सुबह-शाम आरती, पूजन और प्रसाद की व्यवस्था की जा रही है। आरती के दौरान पूरा शिविर परिसर 'हर हर महादेव' और 'ॐ नमः शिवाय' के जयघोष से गूंज उठता है। इससे कांवड़ यात्रियों को सेवा के साथ भक्ति और आध्यात्मिक अनुभूति भी मिल रही है।

प्राकृतिक चिकित्सा शिविर बना विशेष आकर्षण

इस वर्ष शिविर का विशेष आकर्षण वैकल्पिक एवं प्राकृतिक चिकित्सा सेवा शिविर बना हुआ है। सर्वेशाम मंगलम फाउंडेशन, दिल्ली के सानिध्य में डॉ. BRC Clinic@Home के सहयोग से डॉ. अंकुर प्रकाश गुप्ता 'मानव' एवं उनकी टीम द्वारा कांवड़ यात्रियों को नि:शुल्क चिकित्सा सेवा उपलब्ध कराई जा रही है।

चिकित्सा टीम में परी सोम, हीरल सोम, शशांक गुप्ता, सुमित गुप्ता, रितु सहित अन्य सदस्य सेवा में जुटे हैं। लंबी दूरी तक पैदल चलने के कारण कांवड़ यात्रियों को पैरों, तलवों, घुटनों, कमर, कंधों एवं शरीर के अन्य हिस्सों में होने वाले दर्द और थकान को देखते हुए यहां विभिन्न गैर-औषधीय एवं प्राकृतिक चिकित्सा तकनीकों के माध्यम से राहत पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

चिकित्सा शिविर में कायरोप्रैक्टिक तकनीक एवं इलेक्ट्रोमैग्नेटिक थेरेपी सहित उपलब्ध अन्य गैर-औषधीय पद्धतियों के जरिए श्रद्धालुओं की शारीरिक परेशानियों में राहत पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। आयोजकों के अनुसार बड़ी संख्या में कांवड़ यात्री इस सेवा का लाभ लेने पहुंच रहे हैं और अब तक हजारों श्रद्धालुओं को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा चुकी है।

कई श्रद्धालुओं ने चिकित्सा सेवा लेने के बाद राहत महसूस होने की बात कही और टीम के प्रति आभार जताया। शिवभक्तों का कहना है कि लंबी पैदल यात्रा के दौरान बिना किसी शुल्क के इस प्रकार की सेवा मिलना उनके लिए बड़ी राहत है। कई श्रद्धालुओं ने इसे 'भोलेनाथ का प्रसाद और सौभाग्य' बताते हुए चिकित्सा टीम के प्रयासों की सराहना की।

डॉ. अंकुर प्रकाश गुप्ता 'मानव' एवं उनकी टीम के अनुसार कांवड़ यात्रियों की सेवा उनके लिए केवल चिकित्सा सेवा नहीं, बल्कि श्रद्धा, समर्पण और मानव सेवा का माध्यम है। कठिन पैदल यात्रा कर रहे शिवभक्तों को उनकी शारीरिक परेशानियों में यथासंभव राहत पहुंचाना टीम का उद्देश्य है।

29 वर्षों की निरंतर सेवा परंपरा के बाद आयोजित यह 30वां कांवड़ सेवा शिविर सेवा, श्रद्धा, सामाजिक सहयोग और समर्पण का संदेश दे रहा है। एक ओर गुड मॉर्निंग फ्रेंड्स क्लब एवं BSNL परिवार द्वारा शिवभक्तों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, वहीं विशेष चिकित्सा शिविर ने आयोजन को और विशिष्ट बना दिया है। शिविर परिसर में गूंजता 'हर हर महादेव' का जयघोष और सेवादारों की निस्वार्थ सेवा कांवड़ यात्रियों के बीच भक्ति, उत्साह और आत्मीयता का वातावरण बनाए हुए है।

No comments:

Post a Comment

Pages