डिजिटल हुआ मनरेगा, 'VB-GRAM G' प्लेटफॉर्म से ग्रामीण विकास को मिलेगी नई रफ्तार
▪️झाझा में नई डिजिटल व्यवस्था लागू, तकनीक के जरिए होगी योजनाओं की निगरानी और भुगतान प्रक्रिया होगी अधिक पारदर्शी।
सिटी संवाददाता : ब्रह्मदेव प्रसाद यादव की रिपोर्ट।
झाझा/जमुई : ग्रामीण विकास योजनाओं में पारदर्शिता और दक्षता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए मंगलवार से महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत 'विकसित भारत-जी राम जी (VB-GRAM G)' डिजिटल प्लेटफॉर्म लागू कर दिया गया। इस नई व्यवस्था से मनरेगा कार्यों की निगरानी पूरी तरह तकनीक आधारित होगी, जिससे योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता के साथ जवाबदेही भी सुनिश्चित होगी।
प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी सुशील कुमार ने बताया कि नए डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से मनरेगा के सभी कार्यों की ऑनलाइन मॉनिटरिंग की जाएगी। इससे कार्यों की गुणवत्ता में सुधार होगा, भुगतान प्रक्रिया अधिक तेज और पारदर्शी बनेगी तथा लाभार्थियों को समय पर योजनाओं का लाभ मिल सकेगा।
उन्होंने कहा कि सरकार की यह पहल "पारदर्शी मनरेगा, सशक्त ग्राम और समृद्ध भारत" की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी। नई प्रणाली से कार्यों की नियमित समीक्षा आसान होगी, अनियमितताओं पर प्रभावी नियंत्रण लगेगा और विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना संभव होगा।
अधिकारियों के अनुसार, डिजिटल प्लेटफॉर्म लागू होने से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन, आधारभूत संरचना के विकास और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को नई गति मिलेगी। इससे मनरेगा के संचालन में आधुनिक तकनीक का बेहतर उपयोग सुनिश्चित होगा और ग्रामीण विकास को और अधिक मजबूती मिलेगी।

No comments:
Post a Comment