जमुई को मिलेगी शिक्षा की बड़ी सौगात! कल CM करेंगे सभी प्रखंडों के आदर्श विद्यालयों का ऑनलाइन शुभारंभ
+2 जनता उच्च विद्यालय सतायन में होगा जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम, 551 सरस्वती विद्या निकेतन विद्यालयों का बेगूसराय से होगा राज्यव्यापी उद्घाटन।
सिटी संवाददाता : प्रो० रामजीवन साहू की रिपोर्ट।
जमुई: बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी शैक्षणिक पहल के तहत जमुई जिले के सभी प्रखंडों में नवस्थापित सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालय) का शनिवार को औपचारिक शुभारंभ होगा। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बेगूसराय से आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम के दौरान ऑनलाइन माध्यम से राज्य के 551 अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त आदर्श विद्यालयों का उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर जमुई जिले का मुख्य समेकित कार्यक्रम +2 जनता उच्च विद्यालय, सतायन में आयोजित किया जाएगा, जहां जिला प्रशासन ने लाइव प्रसारण और कार्यक्रम की सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं।
जिला प्रशासन के अनुसार, इन आदर्श विद्यालयों के शुरू होने से जिले की शिक्षा व्यवस्था में गुणात्मक बदलाव आएगा। अब ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए जिला मुख्यालय या अन्य शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। उन्हें अपने ही प्रखंड में आधुनिक संसाधनों से लैस विद्यालयों में बेहतर शिक्षा उपलब्ध होगी।
इन विद्यालयों में आधुनिक विज्ञान प्रयोगशालाएं, समृद्ध पुस्तकालय, डिजिटल शिक्षण सुविधाएं तथा गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जाएगा। इससे विद्यार्थियों को नई तकनीक आधारित शिक्षा मिलेगी और वे राष्ट्रीय एवं वैश्विक स्तर की प्रतिस्पर्धाओं के लिए अधिक सक्षम बन सकेंगे।
जिला प्रशासन का कहना है कि बिहार सरकार की यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को नया मंच प्रदान करने के साथ-साथ शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार, सामाजिक-शैक्षणिक विषमताओं को कम करने और समावेशी विकास को गति देने में मील का पत्थर साबित होगी। साथ ही इससे जमुई जिले के शैक्षणिक परिदृश्य को नई दिशा और नई पहचान मिलने की उम्मीद है।

No comments:
Post a Comment