हरिमोहन मिश्र ने जिला कृषि पदाधिकारी का संभाला पदभार - City Channel

Breaking

Friday, July 17, 2026

हरिमोहन मिश्र ने जिला कृषि पदाधिकारी का संभाला पदभार

 हरिमोहन मिश्र ने जिला कृषि पदाधिकारी का संभाला पदभार

- कम वर्षा के बीच किसानों को वैकल्पिक फसलों की खेती अपनाने की सलाह।

सिटी संवाददाता : अभिषेक सिन्हा की रिपोर्ट।

जमुई : जिले के नए जिला कृषि पदाधिकारी के रूप में हरिमोहन मिश्र ने शुक्रवार को औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण कर लिया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने कृषि विभाग के अधिकारियों एवं कर्मियों के साथ विभागीय कार्यों की समीक्षा की तथा जिले की वर्तमान कृषि स्थिति पर चर्चा की।

 इस दौरान उन्होंने किसानों से मौसम की परिस्थितियों को देखते हुए वैज्ञानिक एवं व्यावहारिक खेती अपनाने की अपील की। पदभार ग्रहण करने के बाद हरिमोहन मिश्र ने कहा कि इस वर्ष सामान्य से कम वर्षा होने के कारण जिले में खरीफ फसलों की बुवाई अपेक्षित स्तर तक नहीं हो सकी है। यदि आने वाले दिनों में भी पर्याप्त बारिश नहीं होती है तो खेतों में नमी की कमी के कारण फसलों की बुवाई और उत्पादन दोनों प्रभावित हो सकते हैं। ऐसी परिस्थितियों में किसानों को समय रहते वैकल्पिक खेती की ओर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसान अपने खेतों को खाली न छोड़ें, बल्कि कम पानी में तैयार होने वाली फसलों एवं मोटे अनाजों की खेती को प्राथमिकता दें। इससे न केवल किसानों को आर्थिक लाभ मिलेगा, बल्कि खाद्यान्न उत्पादन भी बना रहेगा और पशुओं के लिए चारे की उपलब्धता भी सुनिश्चित होगी। उन्होंने कहा कि बदलते मौसम के अनुरूप खेती की रणनीति अपनाना समय की आवश्यकता है। जिला कृषि पदाधिकारी ने किसानों से कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने की अपील करते हुए कहा कि अनुदान एवं अन्य सुविधाओं के लिए किसान मोबाइल ऐप के माध्यम से स्वयं आवेदन करें। इससे आवेदन प्रक्रिया सरल, पारदर्शी और समयबद्ध होगी तथा किसानों को योजनाओं का लाभ शीघ्र मिल सकेगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कृषि विभाग किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव प्रयास करेगा। विभाग की प्राथमिकता रहेगी कि अधिक से अधिक किसानों तक समय पर बीज एवं अन्य कृषि सुविधाएं पहुंचाई जाएं, ताकि प्रतिकूल मौसम की स्थिति के बावजूद कृषि उत्पादन प्रभावित न हो। हरिमोहन मिश्र ने कहा कि कृषि विभाग किसानों के साथ हर कदम पर खड़ा है और मौसम की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी वैज्ञानिक सलाह, तकनीकी सहयोग एवं सरकारी योजनाओं के माध्यम से किसानों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

No comments:

Post a Comment

Pages