श्रावणी मेला को लेकर प्रशासन अलर्ट, आयुक्त ने तैयारियों की समीक्षा कर दिए जरूरी निर्देश
▪️20 जुलाई तक सभी व्यवस्थाएं पूरी करने का भरोसा, कांवड़िया मार्ग पर सुरक्षा और सुविधाओं को मिलेगी प्राथमिकता।
सिटी संवाददाता : प्रो० रामजीवन साहू की रिपोर्ट।
जमुई : विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला-2026 को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। बुधवार को मुंगेर प्रमंडल के आयुक्त प्रेम सिंह मीणा की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें जमुई सहित संबंधित जिलों की तैयारियों का जायजा लिया गया।
बैठक में कांवड़िया मार्ग पर निर्बाध बिजली आपूर्ति, स्वच्छ पेयजल, अस्थायी शौचालय, साफ-सफाई, भीड़ प्रबंधन, चिकित्सा सुविधा तथा विधि-व्यवस्था की समीक्षा की गई। आयुक्त ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया।
बैठक में जिला पदाधिकारी ने बताया कि देवघर जाने वाले लाखों श्रद्धालुओं के लिए जमुई एक प्रमुख पारगमन मार्ग है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को युद्धस्तर पर पूरा करने में जुटा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा से जुड़े सभी कार्य 20 जुलाई तक पूरे कर लिए जाएंगे।
पुलिस अधीक्षक ने मेला अवधि के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, नियमित गश्त, चेकिंग अभियान और निगरानी की विशेष व्यवस्था की जा रही है। आयुक्त ने सभी दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को पॉइंट-टू-पॉइंट ब्रीफिंग कर सतर्कता के साथ ड्यूटी निभाने का निर्देश दिया।
बैठक में पूर्व वर्षों के अनुभवों के आधार पर इस बार मेला व्यवस्था को और अधिक सुव्यवस्थित एवं त्रुटिरहित बनाने पर भी चर्चा हुई। सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ बेहतर कार्य करने और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने देने के निर्देश दिए गए।
उल्लेखनीय है कि सावन माह में देवघर जाने वाले कांवड़ियों की बड़ी संख्या जमुई से होकर गुजरती है। साथ ही जिले के धनेश्वर नाथ मंदिर, गिद्धेश्वर मंदिर और पतनेश्वर मंदिर में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन सभी प्रमुख धार्मिक स्थलों और कांवड़िया मार्गों पर सुरक्षा, स्वच्छता और आवश्यक सुविधाओं को लेकर विशेष तैयारियां कर रहा है।

No comments:
Post a Comment