जमुई के सोनो में खड़े हाइवा से टकराई बाइक, दो युवक घायल, एक की हालत गंभीर
सिटी संवाददाता : पंकज बरनवाल की रिपोर्ट।
सोनो/जमुई : जमुई के सोनो-चकाई एनएच-333 पर शनिवार देर रात को एक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवक घायल हो गए। हादसे में एक युवक की हालत गंभीर होने पर उसे सदर अस्पताल, जमुई रेफर किया गया है।
यह दुर्घटना सोनो थाना क्षेत्र के ओरैया के पास हुई। जानकारी के अनुसार, एक खराब हाइवा सुबह से ही सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान पीछे से आ रही एक बाइक अनियंत्रित होकर हाइवा से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार दोनों युवक घायल हो गए।
घायलों की पहचान अजय यादव और विकास कुमार, दोनों दहियारी गांव निवासी, के रूप में हुई है। हादसे में अजय यादव गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
सूचना मिलते ही सोनो थाना के एसआई राजेश्वर साह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सोनो पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद अजय यादव को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, जमुई रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने क्रेन की मदद से खराब हाइवा को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया। वहीं, स्थानीय लोगों का आरोप है कि वाहन कई घंटों से सड़क पर खड़ा था, जिससे यह हादसा हुआ। ग्रामीणों ने प्रशासन से ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई की मांग की है।

No comments:
Post a Comment