1.71 लाख पेंशनधारियों के चेहरे पर मुस्कान, जमुई में ₹24.85 करोड़ से अधिक की राशि खातों में पहुंची
सिटी संवाददाता : प्रो० रामजीवन साहू की रिपोर्ट।
जमुई, 10 जुलाई। सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के लिए शुक्रवार का दिन ऐतिहासिक बन गया। राज्य सरकार के 'पेंशन उत्सव' के तहत जमुई जिले के 1 लाख 71 हजार 245 लाभार्थियों के बैंक खातों में 24 करोड़ 85 लाख 54 हजार 200 रुपये की बढ़ी हुई पेंशन राशि सीधे डीबीटी के माध्यम से भेजी गई। पेंशन की राशि बढ़ने से जिले के वृद्धजनों, दिव्यांगजनों, विधवाओं एवं अन्य आश्रित लाभार्थियों में खुशी का माहौल है।
इस अवसर पर समाहरणालय सभागार में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें जिला पदाधिकारी नवीन सहित सभी वरीय अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में पेंशनधारियों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान सभी ने राज्य स्तरीय 'पेंशन उत्सव' का सीधा प्रसारण देखा और सरकार की इस पहल का स्वागत किया।
जिले में सबसे अधिक 96,352 लाभार्थियों को मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना का लाभ मिला। इसके अलावा इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के 38,781, बिहार नि:शक्तता पेंशन योजना के 14,121, लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के 13,326, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना के 7,560 तथा इंदिरा गांधी राष्ट्रीय नि:शक्तता पेंशन योजना के 1,105 लाभार्थियों के खातों में भी राशि हस्तांतरित की गई।
कार्यक्रम में मौजूद लाभार्थियों ने कहा कि पहले मिलने वाली 400 रुपये की पेंशन से गुजारा करना मुश्किल था, लेकिन अब 1100 रुपये प्रतिमाह मिलने से दवा, भोजन, कपड़े और अन्य आवश्यक जरूरतों को पूरा करने में काफी सहायता मिलेगी। उन्होंने इस निर्णय को गरीब, बुजुर्ग और जरूरतमंद लोगों के लिए बड़ी राहत बताते हुए सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।
समारोह को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी ने सभी पेंशनधारियों को बधाई दी और कहा कि सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ पूरी पारदर्शिता के साथ वास्तविक पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी पेंशनधारियों से अपील की कि जो लाभार्थी अभी तक जीवन प्रमाणीकरण नहीं करा पाए हैं, वे शीघ्र अपने नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) पर जाकर यह प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि भविष्य में उनकी पेंशन का भुगतान बिना किसी बाधा के नियमित रूप से जारी रह सके।

No comments:
Post a Comment