PMFME योजना से बदली तस्वीर, 'बंका केयर' बन रही जमुई के युवाओं के लिए प्रेरणा - City Channel

Breaking

Monday, June 22, 2026

PMFME योजना से बदली तस्वीर, 'बंका केयर' बन रही जमुई के युवाओं के लिए प्रेरणा


🔹खाद्य प्रसंस्करण इकाई का निरीक्षण कर डीएम ने कहा— सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर बनें उद्यमी, रोजगार के नए अवसर करें सृजित।

सिटी संवाददाता : प्रो० रामजीवन साहू की रिपोर्ट।

जमुई। जिले में सूक्ष्म खाद्य उद्योगों को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत जिला पदाधिकारी ने सोमवार को शहर के पुरानी बाजार स्थित 'बंका केयर' खाद्य प्रसंस्करण इकाई का निरीक्षण किया। प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना (PMFME) के तहत स्थापित इस इकाई में बेसन, सत्तू, आटा एवं अन्य खाद्य उत्पादों के निर्माण, गुणवत्ता नियंत्रण, आधुनिक मशीनों और पैकेजिंग व्यवस्था का उन्होंने बारीकी से अवलोकन किया।

निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने युवा उद्यमी कुंज बिहारी बंका की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे उद्योग न केवल स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर पैदा कर रहे हैं, बल्कि जमुई को आत्मनिर्भर बनाने में भी अहम भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने युवाओं से सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाकर स्वरोजगार की ओर कदम बढ़ाने की अपील की।

उन्होंने कहा, "युवाओं को नौकरी खोजने के बजाय नौकरी देने वाला बनना चाहिए। सरकारी योजनाओं के माध्यम से अपना उद्योग स्थापित कर वे न केवल अपने भविष्य को संवार सकते हैं, बल्कि अन्य लोगों को भी रोजगार उपलब्ध करा सकते हैं।"

जिला पदाधिकारी ने बताया कि लगभग 27 लाख रुपये की लागत से स्थापित इस इकाई को बैंक ऑफ इंडिया द्वारा 17.60 लाख रुपये का ऋण उपलब्ध कराया गया है। साथ ही योजना के तहत पूंजीगत सब्सिडी का लाभ भी उद्यमी को दिया गया है।

निरीक्षण के दौरान जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक को निर्देश दिया गया कि स्वरोजगार के इच्छुक युवाओं के आवेदन, बैंक समन्वय और ऋण स्वीकृति की प्रक्रिया को तेज, सरल एवं पारदर्शी बनाया जाए। साथ ही उद्यमी को उत्पादों की गुणवत्ता, आकर्षक पैकेजिंग और प्रभावी विपणन व्यवस्था विकसित करने की सलाह भी दी गई।

जिला पदाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। 'बंका केयर' जैसी इकाइयां जिले के युवाओं के लिए एक सफल मॉडल हैं, जिनसे प्रेरणा लेकर अन्य युवा भी आत्मनिर्भर भारत के सपने को साकार करने में अपनी भागीदारी निभा सकते हैं।

No comments:

Post a Comment

Pages