बाबा कोकिलचंद धाम में श्रीमद्भागवत कथा सप्ताह संपन्न, मंदिर निर्माण के लिए समर्पित की गई संपूर्ण दानराशि - City Channel

Breaking

Friday, June 12, 2026

बाबा कोकिलचंद धाम में श्रीमद्भागवत कथा सप्ताह संपन्न, मंदिर निर्माण के लिए समर्पित की गई संपूर्ण दानराशि

बाबा कोकिलचंद धाम में श्रीमद्भागवत कथा सप्ताह संपन्न, मंदिर निर्माण के लिए समर्पित की गई संपूर्ण दानराशि

🚩आचार्य परमानन्द पांडेय के सान्निध्य में सात दिवसीय धार्मिक आयोजन सम्पन्न, 13 जून को हवन, शोभायात्रा और विशाल भंडारे का आयोजन

गिद्धौर/जमुई : गंगरा स्थित बाबा कोकिलचंद धाम में पुरुषोत्तम मास (मलमास) के अवसर पर आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा सप्ताह शुक्रवार को श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में संपन्न हो गया। 6 जून से 12 जून तक चले इस धार्मिक आयोजन का संचालन प्रसिद्ध कथा वाचक एवं संस्कृत-साहित्य के विद्वान आचार्य परमानन्द पांडेय के सान्निध्य में किया गया।

कथा के दौरान आचार्य परमानन्द पांडेय ने श्रीमद्भागवत महापुराण के 18 हजार श्लोकों का वाचन करते हुए श्रद्धालुओं को उसके आध्यात्मिक और नैतिक संदेशों से अवगत कराया। नंदनामा हाई स्कूल के संस्कृत शिक्षक मुरारी पांडेय के सहयोग से वैदिक मंत्रोच्चार, पूजन एवं अन्य धार्मिक अनुष्ठान विधि-विधान के साथ संपन्न कराए गए।

सप्ताहिक अनुष्ठान के यजमान के रूप में गुड्डू कुमार एवं उनकी धर्मपत्नी ने सपत्नीक भाग लिया। आयोजन की विशेष बात यह रही कि आचार्य परमानन्द पांडेय ने संपूर्ण कार्यक्रम का खर्च स्वयं वहन करते हुए कथा के दौरान प्राप्त समस्त दान एवं चढ़ावा राशि बाबा कोकिलचंद धाम मंदिर निर्माण कार्य के लिए समर्पित कर दी। इसे मंदिर के इतिहास की महत्वपूर्ण धार्मिक एवं सामाजिक पहल माना जा रहा है।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर मंदिर प्रबंधन समिति की ओर से आचार्य परमानन्द पांडेय एवं राम पांडेय को अंगवस्त्र, पुष्पमाला और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। वहीं बोकारो के मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी मनोरंजन कुमार ने भी कथा में शामिल होकर आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्हें भी समिति की ओर से सम्मानित किया गया।

सात दिनों तक चले इस आयोजन में गंगरा एवं आसपास के कई गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। पूरे क्षेत्र में धार्मिक और आध्यात्मिक वातावरण बना रहा। अंतिम दिन श्रद्धालुओं के बीच तुलसी दल एवं अक्षत का वितरण किया गया।

मंदिर समिति के अनुसार 13 जून को सामूहिक हवन, भव्य शोभायात्रा, कुमारी कन्या पूजन, ब्राह्मण भोजन एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। आयोजन के माध्यम से क्षेत्रवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की गई। समिति ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी श्रद्धालुओं, यजमान परिवार एवं कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

No comments:

Post a Comment

Pages