सिमुलतला आवासीय विद्यालय की व्यवस्था सुधारने पर शिक्षा मंत्री का जोर, शिक्षकों की कमी दूर करने के निर्देश - City Channel

Breaking

Friday, June 12, 2026

सिमुलतला आवासीय विद्यालय की व्यवस्था सुधारने पर शिक्षा मंत्री का जोर, शिक्षकों की कमी दूर करने के निर्देश

सिमुलतला आवासीय विद्यालय की व्यवस्था सुधारने पर शिक्षा मंत्री का जोर, शिक्षकों की कमी दूर करने के निर्देश

🔻जमुई में शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक; लंबित उपयोगिता प्रमाण पत्र और न्यायालयी मामलों के शीघ्र निष्पादन का आदेश।

सिटी संवाददाता : प्रो० रामजीवन साहू की रिपोर्ट

जमुई, 12 जून। बिहार सरकार के शिक्षा विभाग के मंत्री ने शुक्रवार को सिमुलतला आवासीय विद्यालय परिसर में विद्यालय प्रबंधन एवं जिला शिक्षा विभाग, जमुई के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। समीक्षा बैठक के दौरान उन्होंने सिमुलतला आवासीय विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाने पर बल दिया।

बैठक में मंत्री ने विद्यालय प्रबंधन समिति को निर्देश दिया कि छात्रों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए शिक्षकों की कमी को शीघ्र दूर किया जाए तथा आधारभूत संरचना को मजबूत करने की दिशा में त्वरित कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि सिमुलतला आवासीय विद्यालय राज्य का प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान है और इसकी शैक्षणिक गुणवत्ता को बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

जिला शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान मंत्री ने लंबित उपयोगिता प्रमाण पत्रों के निष्पादन, न्यायालय वादों से जुड़े मामलों में समय पर शपथ पत्र दाखिल करने तथा अन्य लंबित प्रशासनिक कार्यों को शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम पदाधिकारियों और सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों को बेहतर समन्वय स्थापित कर विद्यार्थियों तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाने के लिए गंभीरता से कार्य करने को कहा।

मंत्री ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी और परिणामोन्मुख बनाने के लिए विभागीय अधिकारियों को जवाबदेही के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने विद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता सुधारने और छात्रों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।

समीक्षा बैठक में माध्यमिक शिक्षा निदेशक सह राज्य परियोजना निदेशक, बिहार शिक्षा परियोजना परिषद पटना, जमुई के जिला पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, सिमुलतला आवासीय विद्यालय के प्राचार्य, बीएसईआईडीसी के मुख्य अभियंता एवं सहायक अभियंता सहित विभिन्न प्रखंडों के शिक्षा पदाधिकारी उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Pages