डीएम के निर्देश पर बेलाटांड़ गांव का खराब चापाकल हुआ चालू
🔹बंद पड़े चापाकल की खबर पर प्रशासन ने लिया त्वरित संज्ञान, ग्रामीणों को मिली राहत।
सोनो/जमुई : सोनो प्रखंड की तहियारी पंचायत अंतर्गत बेलाटांड़ गांव में पिछले कुछ समय से बंद पड़े चापाकल की समस्या का समाधान जिला प्रशासन की पहल पर कर दिया गया है। ग्रामीणों की परेशानी से जुड़ी इस खबर को जिला पदाधिकारी श्री नवीन ने गंभीरता से संज्ञान में लेते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
जिला पदाधिकारी श्री नबीन के निर्देश के बाद लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (पीएचईडी), जमुई की तकनीकी टीम ने मौके पर पहुंचकर चापाकल का निरीक्षण किया और आवश्यक मरम्मत कार्य पूरा कराया। मरम्मत के बाद चापाकल को पुनः चालू कर दिया गया, जिससे गांव के लोगों को पेयजल की सुविधा फिर से उपलब्ध हो गई है।
ग्रामीणों ने चापाकल के चालू होने पर खुशी जताते हुए जिला प्रशासन और पीएचईडी विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया। स्थानीय लोगों का कहना है कि चापाकल खराब रहने के कारण उन्हें पेयजल के लिए काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
वहीं जिला प्रशासन ने कहा है कि आम जनता की बुनियादी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा ऐसी शिकायतों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि पेयजल या अन्य जनसुविधाओं से संबंधित समस्याओं की सूचना संबंधित विभाग अथवा प्रशासन को दें, ताकि समय पर उनका समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

No comments:
Post a Comment